भदोही: रोवर्स-रेंजर्स शिविर में बच्चों ने हाईकिंग व ट्रैकिंग के सीखे गुर
भदोही। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय महाविद्यालय में गुरुवार को आयोजित रोवर्स-रेंजर्स के पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन विद्यार्थियों को हाईकिंग, ट्रैकिंग, प्राथमिक स्वास्थ्य उपचार और योगासन का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में छात्रों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और उन्होंने उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया।
प्राचार्य डॉ. माया ने विद्यार्थियों को अनुशासन और व्यक्तित्व विकास का महत्व बताते हुए प्रशिक्षण में सिखाए जा रहे कौशल में दक्ष बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन स्वस्थ रहता है। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही व्यक्ति अपने कर्तव्यों का समुचित निर्वहन कर सकता है, जिससे व्यक्तिगत लाभ के साथ समाज और देश का भी हित होता है।
डॉ. राजकुमार सिंह यादव ने प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद शिविर से मिले ज्ञान और अनुभव को जीवन में अपनाने की सलाह दी। उन्होंने रोवर्स और रेंजर्स को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अभ्यास करते रहने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं।
रोवर्स प्रभारी डॉ. अनीश मिश्र के नेतृत्व में रोवर्स ने आकर्षक झांकियां निकालीं और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा। वहीं रेंजर्स प्रभारी डॉ. ऋत्विक रंजन सिंह ने कैंप फायर के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए और विद्यार्थियों को मंच संचालन की बारीकियां समझाईं।
प्रशिक्षक नागेश्वर प्रजापति और ऋतुराज ने हाईकिंग, ट्रैकिंग तथा प्राथमिक स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण देते हुए आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार के व्यावहारिक तरीके भी बताए। इस अवसर पर प्राध्यापक डॉ. अंकिता तिवारी, पूनम द्विवेदी और डॉ. शिखा तिवारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों को विषम परिस्थितियों में आत्मरक्षा, त्वरित निर्णय क्षमता और सेवा भावना विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं। शिविर के आगामी दिनों में भी विभिन्न साहसिक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।





