ज्ञानपुर: लापरवाही पर डीपीआरओ व डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर को नोटिस जारी
ज्ञानपुर। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) मैनेजमेंट कमेटी की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) निर्माण एवं संचालन, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट तथा राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत चिह्नित नालों की टैपिंग कार्य की प्रगति बेहद खराब पाए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदार अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कार्यों में तेजी लाने और तय समय सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। कार्य में शिथिलता पाए जाने पर डीपीआरओ संजय कुमार मिश्र तथा स्वच्छ भारत मिशन के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. सरोज पांडेय को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत औराई ब्लॉक में गंगा किनारे चिह्नित नालों की टैपिंग कार्य में प्रगति न होने पर एडीओ पंचायत औराई धीरेंद्र यादव को प्रतिकूल प्रविष्टि (एंट्री) दी गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित कार्यों की दैनिक मॉनिटरिंग की जाए और प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए।
जिलाधिकारी ने जिले के सभी अन्त्येष्टि स्थलों पर कराए गए कार्यों की गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी मानक के अनुरूप कार्य नहीं पाए जाएं, वहां जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में “स्वच्छता ही सेवा 2025” अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने गांवों में आरआरसी निर्माण और संचालन की स्थिति, चयनित मॉडल ग्रामों की प्रगति, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की स्थिति तथा सामुदायिक शौचालयों में तैनात केयरटेकर की उपलब्धता की बारीकी से जानकारी ली।
अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए व्यक्तिगत शौचालयों का लक्ष्य 7260 निर्धारित है। डीडीडब्ल्यूएस वेबसाइट पर कुल 7982 आवेदन ऑनलाइन लंबित हैं। ब्लॉकों से प्राप्त सत्यापित पात्र लाभार्थियों की संख्या 4364 है, जबकि शेष 2896 लाभार्थियों का सत्यापन अभी लंबित है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों का सत्यापन अभियान चलाकर शीघ्र पूरा किया जाए और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ दिया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल, जिला विकास अधिकारी ज्ञान प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।





