भदोही में कलयुगी चाचा की हैवानियत, भतीजी को कुएं में फेंककर मार डाला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भांग के नशे में वारदात का आरोप; बड़ी बहन के सामने हुई घटना, गांव में मचा हड़कंप


भदोही, सुरियावां। जनपद भदोही के सुरियावां कोतवाली क्षेत्र के दानूपुर पूरबपट्टी गांव में गुरुवार सुबह रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई। एक कलयुगी चाचा ने कथित रूप से भांग के नशे में अपनी ही तीन वर्षीय भतीजी को चिप्स देने के बहाने बुलाकर कुएं में फेंक दिया, जिससे मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय उसकी छह वर्षीय बड़ी बहन भी मौके पर मौजूद थी और सब कुछ अपनी आंखों से देखती रह गई।

माता-पिता मजदूरी पर, घर में अकेली थीं बेटियां

जानकारी के मुताबिक दानूपुर पूरबपट्टी निवासी राजू बिंद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी पत्नी रीमा देवी लगन-बारात में पूड़ी बेलने का काम करती हैं। दंपती की दो बेटियां—छह साल की रागिनी और तीन साल की आंचल—गुरुवार सुबह घर पर अकेली थीं, क्योंकि माता-पिता काम पर चले गए थे।

चिप्स का लालच देकर बाहर बुलाया

बताया जा रहा है कि इसी दौरान चचेरा चाचा रंजीत उर्फ नन्हें घर पहुंचा और दोनों बच्चियों को चिप्स देने का लालच देकर बाहर बुलाया। जैसे ही बच्चियां बाहर आईं, आरोपी ने छोटी बच्ची आंचल को गोद में उठा लिया और तेजी से घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित कुएं की ओर बढ़ गया। बड़ी बहन रागिनी ने पूछा भी कि चाचा कहां जा रहे हो, लेकिन वह कुछ समझ पाती उससे पहले ही आरोपी ने मासूम को कुएं में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।

बड़ी बहन के शोर पर जुटे ग्रामीण

घटना से घबराई रागिनी ने जोर-जोर से शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बच्ची के बताए अनुसार जब लोगों ने कुएं में झांककर देखा और खोजबीन की, तो मासूम आंचल का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

मोबाइल लोकेशन से दबोचा गया आरोपी

सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रंजीत उर्फ नन्हें को मोबाइल नंबर के आधार पर ट्रेस कर हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की वजह जानने की कोशिश में जुटी है।

मकर संक्रांति पर मुंबई से लौटा था

पुलिस के अनुसार आरोपी मुंबई में मजदूरी करता है और मकर संक्रांति के अवसर पर पिछले महीने ही गांव आया था। प्रारंभिक जांच में उसके भांग के नशे में होने की बात सामने आई है। हालांकि हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है और परिवार में किसी तरह के विवाद की भी पुष्टि नहीं हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में घटना के बाद से भय और आक्रोश का माहौल है।

अधिकारी बोले
प्रभारी निरीक्षक मनीष द्विवेदी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वह भांग के नशे में था। हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles