ज्ञानपुर (भदोही): शराब की दुकान में तोड़फोड़ पर 20 महिलाओं समेत 21 गिरफ्तार
ज्ञानपुर (भदोही)। लक्ष्मणपट्टी गांव में शराब की नई दुकान में तोड़फोड़ और मारपीट करने के आरोप में बुधवार को पुलिस ने 20 महिलाओं सहित 21 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को हुई घटना के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को पहले हिरासत में लिया था, जिसके विरोध में सैकड़ों महिलाएं कोतवाली पहुंच गई थीं। मामले को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा बनी रही।
बताया जा रहा है कि लक्ष्मणपट्टी गांव के पास पनईपुर में बस्ती के बीच शराब की दुकान खोले जाने का ग्रामीण कई दिनों से विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि आबादी के बीच दुकान खुलने से सामाजिक माहौल खराब हो रहा था। दो दिन पहले प्रशासन ने दुकान को वहां से हटाकर बैरा के पास कस्तूरीपुर में संचालित कराया, लेकिन वहां भी स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।
आरोप है कि मंगलवार को कुछ महिलाएं और ग्रामीण दुकान पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ की गई और मारपीट की घटना भी सामने आई। उपद्रव के दौरान भारी मात्रा में शराब की बोतलें तोड़ दी गईं, जिससे दुकान संचालक को नुकसान हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद 20 महिलाओं समेत 21 लोगों को हिरासत में लिया गया। हिरासत की खबर फैलते ही करीब 150 की संख्या में ग्रामीण कोतवाली पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी व हंगामा किया। पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत कराया।
आबकारी अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएसएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है।
एएसपी का बयान
एएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि शराब की दुकान में तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में कुल 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
इनको किया गया गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए लोगों में रानू यादव, राजेन्द्र प्रसाद मौर्या, विद्या देवी, पुष्पा देवी, उर्मिला, सुशीला, कलावती, गायत्री देवी, संतरा देवी, जिरावती, परमिला, संगीता देवी, शिवकुमारी, लालदेवी, किरन, नितू, अनीता, मिता, गायत्री, विमला देवी और सरिता मौर्या शामिल हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


