गोपीगंज में दर्दनाक हादसा: लालानगर टोल पर स्कूटी की टक्कर से महिला की मौत
गोपीगंज (भदोही): लालानगर टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को हुए सड़क हादसे में सड़क पार कर रही वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रभावती देवी (65) के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रभावती देवी रोज की तरह टोल प्लाजा के पास अपनी चाय की दुकान से सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूटी सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोपीगंज पहुंचाया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रभावती देवी काफी समय से टोल प्लाजा के पास चाय की दुकान लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं। उनकी मृत्यु से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मृतका के परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टक्कर मारने वाली स्कूटी को कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फरार स्कूटी चालक की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से सड़क पार करते समय सावधानी बरतने और वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।





