भदोही में कांग्रेस का जोरदार धरना प्रदर्शन, जिला प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन
भदोही, 23 अक्टूबर 2024 : भदोही जिले की गंभीर समस्याओं को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार दुबे ‘राजन’ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक बड़ा प्रदर्शन किया। गिरधरपुर कार्यालय से जुलूस के रूप में निकलते हुए सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने धरना प्रदर्शन करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र दुबे और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी वसीम अंसारी ने मोदी सरकार और योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों ही सरकारों के कई वर्षों के कार्यकाल के बावजूद भदोही जिले में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि अभोली ब्लॉक के गौरा गांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन पिछले 20 सालों से तैयार है, लेकिन अभी तक इसका संचालन शुरू नहीं हुआ है।
सुरियावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले 5 वर्षों से रखी एक्स-रे मशीन का अब तक उपयोग नहीं हो सका है, जिससे मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने विद्युत विभाग पर भी आरोप लगाया कि मिश्राइनपुर मसूधी फीडर से जुड़े गांवों में बिजली विभाग के कर्मचारी सही ढंग से मीटर रीडिंग नहीं कर रहे हैं, जिससे ग्रामीण जनता को आर्थिक नुकसान हो रहा है।

इसके अलावा, छनौरा पट्टीबेजांव रोड की खस्ता हालत को लेकर भी उन्होंने कड़ी आलोचना की और इसे तत्काल सुधारने की मांग की। नई बाजार के वार्ड नंबर 10 अंबेडकर नगर में हुए उपचुनाव के तीन महीने बीतने के बाद भी सभासद शमशीर अहमद का शपथ ग्रहण न होने को कांग्रेस ने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का उल्लंघन बताया।
डॉ. दुबे ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस बड़े पैमाने पर आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
इस प्रदर्शन में दीना नाथ दुबे, राजेश्वर दुबे, मसूद आलम, सुरेश उपाध्याय, मावूद खान, सुरेश गौतम, आशुतोष पांडेय सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट: आशु झा, कवरेज: शिव शंकर दुबे
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.
