भदोही: बंद घर में छत के रास्ते घुसे चोर, 30 हजार नकदी और एक लाख के आभूषण पार
सुरियावां, भदोही। सुरियावां कोतवाली क्षेत्र के जीयनपुर गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर 30 हजार रुपये नकद और करीब एक लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और अलमारी व बक्सों को खंगालकर कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जीयनपुर गांव निवासी मनीष तिवारी ज्ञानपुर में अपना कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि 25 अक्तूबर से उनके घर पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होना है। इसी सिलसिले में वह सोमवार को घर की साफ-सफाई कराने पहुंचे थे। घर की स्थिति देखकर वह हैरान रह गए।
मनीष के अनुसार, जब उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्सों को खंगाला गया था। जांच करने पर 30 हजार रुपये नकद और करीब एक लाख रुपये के आभूषण गायब मिले।
उन्होंने बताया कि मुख्य दरवाजे का ताला नहीं टूटा था। आशंका है कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की सूचना पीआरवी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की।
इस संबंध में कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।