अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट से 30 गांव अंधेरे में, 24 घंटे से बिजली ठप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मोढ़ (भदोही)। करियांव बिजली उपकेंद्र के अंतर्गत मोढ़ बाजार क्षेत्र में शनिवार शाम अंडरग्राउंड बिजली केबल में फॉल्ट आने से लगभग 30 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रविवार तक करीब 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे क्षेत्र के लगभग दो लाख लोग परेशान रहे।

बिजली आपूर्ति बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी पेयजल को लेकर देखने को मिली। रविवार सुबह ग्रामीणों को पानी के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली न होने के कारण घरों में लगे सबमर्सिबल और पानी की मोटरें नहीं चल सकीं, जिसके चलते लोगों को हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा। कई गांवों में सुबह से ही हैंडपंपों पर लोगों की भीड़ लगी रही।

अंडरग्राउंड केबल में आए फॉल्ट के कारण करियांव बाजार सहित देईपुर, रामयनपुर, जगदीशपुर, गोपीपुर, कंसापुर, कंचनपुर, ललापुर, कीर्तिपुर, लालिकपुर, कस्तूरीपुर, सिंहपुर, कोल्हूवा, पांडेपुर, बनपुरवा, चकचंदा, मानीगंज, धनापुर, भात, डुहिया, जगतीपुर, बरमोहनी समेत आसपास के करीब 30 गांवों में पूरी रात बिजली नहीं रही। इससे घरेलू कार्यों के साथ ही छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ बिजली कटौती की समस्या भी बढ़ रही है। रात भर बिजली न रहने से लोगों को अंधेरे में समय बिताना पड़ा और कई गांवों में मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पाए।

इस मामले में कस्तूरीपुर फीडर के जेई आनंद प्रकाश ने बताया कि 33 केवीए अंडरग्राउंड केबल में तकनीकी फॉल्ट आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई है। विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। फॉल्ट को ठीक करने का प्रयास तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि लोगों को हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles