बारिश से 6 डिग्री लुढ़का पारा, बाजारों में जलभराव; उमस भरी गर्मी से मिली राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बारिश से 6 डिग्री लुढ़का पारा, बाजारों में जलभराव; उमस से मिली राहत

ज्ञानपुर। जिले में चार दिनों के बारिश के येलो अलर्ट के बीच बृहस्पतिवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। लगातार बारिश के चलते अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। तापमान 33 डिग्री से घटकर 26 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश से पिछले दो सप्ताह से उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिली, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव और बिजली कटौती से परेशानी बढ़ गई।

मौसम विभाग के अनुसार जिले में पिछले 24 घंटे में 23 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण कई ग्रामीण बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पानी भर गया। इससे दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और व्यापार भी प्रभावित हुआ। ग्रामीण इलाकों से बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें भी सामने आईं।

सुबह दो घंटे हुई झमाझम बारिश

कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने गहन अवदाब के प्रभाव से पूर्वांचल के कई जिलों में बारिश का सिलसिला शुरू हुआ है। बुधवार को दिन में धूप रही, लेकिन शाम को मौसम बदलने के बाद देर रात से झमाझम बारिश शुरू हो गई।

बृहस्पतिवार को सुबह करीब सात से नौ बजे के बीच तेज बारिश हुई। इसके बाद भी दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई।

पूरे जिले में बारिश का असर

ज्ञानपुर, गोपीगंज, सीतामढ़ी, जंगीगंज, भदोही, सुरियावां, चौरी, नईबाजार, घोसिया और खमरिया समेत जिले के विभिन्न इलाकों में बारिश का क्रम बना रहा। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

डॉ. अजय कुमार के अनुसार आगामी तीन से चार दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम में बदलाव से जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव और बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles