गंगा में मछली मारने गया गोताखोर डूबा, एनडीआरएफ और पुलिस की टीम तलाश में जुटी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोपीगंज, भदोही।
गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के गुलौरी गंगा घाट पर रविवार दोपहर मछली मारने गए एक मछुआरे (गोताखोर) के गंगा नदी में डूब जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और गंगा में डूबे व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी गई, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुलौरी गांव निवासी 46 वर्षीय राजेंद्र कुमार कागा रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे गंगा में मछली पकड़ने के लिए गए थे। बताया जाता है कि वह मछली पकड़ने के दौरान अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी की तेज धारा में डूब गए। आसपास मौजूद अन्य मछुआरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह पानी में लापता हो चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ गंगा घाट पर जुट गई। परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर गोपीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल बचाव एवं तलाश अभियान शुरू कराया।

पुलिस ने एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया। इसके बाद गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। देर शाम तक राजेंद्र का कोई सुराग नहीं मिल सका था। पुलिस और बचाव दल सोमवार को भी तलाश अभियान जारी रखने की बात कह रहे हैं।

बताया जाता है कि राजेंद्र कुमार कागा इलाके में एक कुशल गोताखोर के रूप में जाने जाते थे और अक्सर गंगा में मछली पकड़ने जाते थे। उनके परिवार में पत्नी अनीता, तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति साधारण है और पूरा परिवार मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन करता है।

पत्नी ने प्रयागराज बुलाया था
घटनास्थल पर पहुंची पत्नी अनीता ने रोते हुए बताया कि वह और उनके पुत्र करन व अर्जुन प्रयागराज के माघ मेले में चाय-नाश्ते की दुकान लगाते हैं। उन्होंने राजेंद्र को भी दुकान के काम में हाथ बंटाने के लिए प्रयागराज बुलाया था। राजेंद्र ने सोमवार को आने की बात कही थी, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद हादसा हो गया।

घटना के बाद पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में भी शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण लगातार गंगा घाट पर पहुंचकर राजेंद्र की तलाश की जानकारी लेते रहे।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles