हिंदू संगठन के जिलाध्यक्ष का कारनामा: होटल में घुसकर युवतियों को खींचा, धमकी देकर मांगी वसूली, तीन गिरफ्तार
बदायूं (उत्तर प्रदेश), भारत क्रांति न्यूज़
बदायूं के सिविल लाइन क्षेत्र में एक ओयो होटल में विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष विशाल ठाकुर और उनके साथियों द्वारा हंगामा करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उन्होंने होटल में मौजूद लोगों की आईडी जांचने और वीडियो बनाने के बहाने युवतियों को कमरों से बाहर खींचा और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग की। पुलिस ने होटल स्वामी की शिकायत पर चार नामजद और तीन-चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
क्या है पूरा मामला?
कबूलपुरा निवासी धर्मेंद्र के स्वामित्व वाले पटेल चौक स्थित ओयो होटल में गुरुवार को विशाल ठाकुर अपने साथियों के साथ पहुंचे। होटल स्वामी के अनुसार, उन्होंने पहले आईडी जांचने और मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की। इसके बाद कमरों में घुसकर वहां मौजूद युवतियों को हाथ पकड़कर खींचते हुए बाहर लाने लगे। आरोप है कि उन्होंने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर होटल स्वामी और एक अन्य युवक से पैसों की मांग भी की।
पुलिस ने क्या कहा?
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। होटल स्वामी की तहरीर के आधार पर विशाल ठाकुर, करन पटेल, तेजेंद्र कुमार, और बबलू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने तीन आरोपियों विशाल ठाकुर, करन पटेल, और अमित पिप्पल को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एक माह पहले भी हुआ था विवाद
यह पहली बार नहीं है जब विशाल ठाकुर का नाम इस तरह की घटनाओं में आया है। एक माह पहले वह सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मकान में जबरन घुस गए थे, जहां प्रेमी युगल मौजूद थे। इसके अलावा, एक अन्य होटल में भी उन्होंने इसी प्रकार तलाशी ली थी।
वीडियो बना कार्रवाई का आधार
घटना के दौरान बनाई गई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में विशाल ठाकुर को युवतियों को हाथ पकड़कर खींचते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की पूरी जांच की जा रही है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
(भारत क्रांति न्यूज़ के लिए विशेष रिपोर्ट)
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.
