भदोही: गोपीगंज फ्लाईओवर के तीन पिलर के जॉइंट एक्सपेंशन खराब, पांच किमी तक हाईवे सिंगल लेन
लालानगर (भदोही)। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर गोपीगंज फ्लाईओवर के तीन पिलर के जॉइंट एक्सपेंशन में तकनीकी खराबी आने से मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। आठ अक्तूबर से चल रहा मरम्मत कार्य करीब 22 अक्तूबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इस दौरान लगभग पांच किलोमीटर तक हाईवे पर एक ही लेन से वाहनों का आवागमन कराया जा रहा है। त्योहारों के सीजन में वाहनों का दबाव बढ़ने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
पांच किमी तक एक लेन से गुजर रहे वाहन
वाराणसी-प्रयागराज हाईवे के राजातालाब-हंडिया खंड में हंडिया, गोपीगंज और मिर्जामुराज के तीन बड़े फ्लाईओवर हैं। इनमें हंडिया फ्लाईओवर करीब 3.5 किलोमीटर, जबकि गोपीगंज और मिर्जामुराज फ्लाईओवर लगभग 2.5-2.5 किलोमीटर लंबे हैं। इन फ्लाईओवर के जॉइंट एक्सपेंशन में समय-समय पर तकनीकी खराबी आने के कारण मरम्मत करानी पड़ती है।
वर्तमान में गोपीगंज फ्लाईओवर के तीन जॉइंट एक्सपेंशन में खराबी आने के बाद रखरखाव करने वाली कार्यदायी संस्था मरम्मत करा रही है। इसके चलते कौलापुर ओवरब्रिज से अमवा ओवरब्रिज तक दक्षिणी लेन से वाहनों का आवागमन कराया जा रहा है। करीब पांच किलोमीटर के दायरे में यातायात एक ही लेन से संचालित होने के कारण वाहनों का दबाव बढ़ गया है।
त्योहारी सीजन के साथ नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी मार्ग से मां विंध्यवासिनी धाम जाते हैं। ऐसे में हाईवे पर यातायात का दबाव और बढ़ने की संभावना है।
22 अक्तूबर तक चलेगा मरम्मत कार्य
हाईवे की रखरखाव करने वाली कार्यदायी संस्था के इंजीनियर शेषनाथ यादव ने बताया कि गोपीगंज फ्लाईओवर के तीन जॉइंट एक्सपेंशन में तकनीकी खराबी आई है। इनकी मरम्मत के चलते 22 अक्तूबर तक एक लेन से वाहनों का आवागमन कराया जाएगा। इसके बाद दक्षिणी लेन के कुछ अन्य जॉइंट एक्सपेंशन की खराबियों को भी दुरुस्त किया जाएगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के आरई सधन राजपुरोहित ने बताया कि फ्लाईओवर के दोनों तरफ कुल 10 सेट यानी 20 एक्सपेंशन जॉइंट हैं। इनमें से तीन में तकनीकी खराबी आने के कारण संबंधित हिस्से में यातायात बंद कर मरम्मत कराई जा रही है। एक जॉइंट को दुरुस्त करने में करीब 15 से 20 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि जिन तीन पिलर के जॉइंट एक्सपेंशन में खराबी आई है, वे वर्ष 2018 से पहले के हैं। अब नई तकनीक वाले एक्सपेंशन जॉइंट उपकरण लगाए जा रहे हैं, जिनकी क्षमता पुराने उपकरणों की तुलना में अधिक और बेहतर होगी।
एक लेन पर यातायात से हादसों का खतरा बढ़ा
हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर तक एक ही लेन से वाहनों का आवागमन होने के बीच हाल के दिनों में दो दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। छह दिन पहले गिराई के पास हाईवे की मरम्मत के लिए किए गए डायवर्जन के दौरान पांच वाहन आपस में टकरा गए थे। इस हादसे में ऑटो चालक समेत सात लोग घायल हो गए थे।
इसी तरह बुधवार रात झिलिया पुल के पास एक कार को बचाने के प्रयास में भैंस लदे डीसीएम की ट्रेलर से भिड़ंत हो गई। इस दौरान पीछे से आ रहा दूसरा भैंस लदा डीसीएम भी टकरा गया। हादसे में एक डीसीएम चालक महेश (39), निवासी लारमपुर, सैफई, इटावा घायल हो गया। टक्कर के बाद ट्रेलर का डीजल भी सड़क पर फैल गया।
गोपीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि दुर्घटना के बाद वाहनों को हटवाया गया। सड़क पर फैले डीजल पर पानी डलवाने के बाद यातायात सुचारु कराया गया।
फ्लाईओवर की मरम्मत के दौरान एक लेन पर यातायात संचालित होने से वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए डायवर्जन वाले हिस्से में सतर्कता जरूरी है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



