भदोही: दो महीने से सड़क पर बह रहा राजकीय नलकूप का पानी, सड़कें हो रहीं खराब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: दो महीने से सड़क पर बह रहा राजकीय नलकूप का पानी, सड़कें हो रहीं खराब

चौरी। वेदमनपुर स्थित राजकीय नलकूप से पिछले दो महीने से लगातार पानी सड़क पर बह रहा है। इससे जहां सड़कों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है, वहीं सैकड़ों लीटर पानी भी बर्बाद हो रहा है। नाली की सफाई और मरम्मत नहीं होने के कारण नलकूप का पानी सड़क पर फैल रहा है, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वेदमनपुर राजकीय नलकूप की स्थापना वर्ष 1956 में हुई थी। यह नलकूप कभी कोल्हड़ और चौरी खास ग्रामसभा के किसानों के खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाता था। वर्तमान में नलकूप से जुड़ी नालियां जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इसके चलते नलकूप चालू होते ही पानी नाली से बाहर निकलकर स्टेशन जाने वाली सड़क पर बहने लगता है।

स्थानीय निवासी इम्तियाज अंसारी, जहीर आलम, खुर्शीद और आरिफ ने बताया कि नलकूप की स्थिति खराब है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल जाता है। इससे सड़कें खराब हो रही हैं और लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क पर पानी जमा होने और बहने से स्कूली बच्चों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है। नलकूप से लगातार पानी बहने के कारण जल की बर्बादी हो रही है, लेकिन इसके बावजूद मरम्मत और सफाई की व्यवस्था नहीं की जा रही है। लोगों ने संबंधित विभाग से नलकूप और नालियों की मरम्मत कराकर समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।

जल्द दुरुस्त कराया जाएगा नलकूप

इस संबंध में नहर विभाग के एक्सईएन सुधीर पाल ने बताया कि उन्हें वेदमनपुर राजकीय नलकूप की समस्या की जानकारी नहीं है। संबंधित ऑपरेटर से मामले की जानकारी ली जाएगी और नलकूप को जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles