भदोही: गैस सिलिंडर में छिपाकर ले जा रहा था 11 किलो गांजा, अंतरजनपदीय तस्कर गिरफ्तार
गोपीगंज (भदोही)। गोपीगंज कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार भोर में चेकिंग के दौरान एक कथित अंतरजनपदीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 47 हजार 900 रुपये बताई गई है। आरोपी गांजे को गैस सिलिंडर के अंदर छिपाकर स्कूटी से ले जा रहा था।
गोपीगंज के प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय के अनुसार, पुलिस टीम बृहस्पतिवार की रात क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। स्कूटी की डिकी में रखे गैस सिलिंडर के अंदर सफेद पन्नियों में छिपाकर रखा गया करीब 11 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी की पहचान राधेश्याम गुप्ता निवासी बबुआपुर, उतरांव, प्रयागराज के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोनभद्र से सस्ते दाम पर गांजा खरीदता था और उसे अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाता था। चेकिंग से बचने के लिए गांजे को गैस सिलिंडर में छिपाकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में चार मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


