भदोही: स्कूल बस से उतरते ही 9 वर्षीय छात्रा को ट्रैक्टर ने रौंदा, दर्दनाक मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही में मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने 9 वर्षीय छात्रा को रौंदा, स्कूल बस से उतरते ही हुई मौत

ज्ञानपुर/कौलापुर। भदोही जिले में मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। बृहस्पतिवार की सुबह गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के चकपड़ौना में दर्दनाक हादसे में कक्षा दो की नौ वर्षीय छात्रा की जान चली गई। छात्रा स्कूल बस से उतरकर घर की ओर जा रही थी, तभी मिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुजातपुर निवासी प्रवेश तिवारी की नौ वर्षीय बेटी आराध्या उर्फ मोना तिवारी दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), छतमी में कक्षा दो की छात्रा थी। बृहस्पतिवार सुबह वह स्कूल बस से घर पहुंची थी। घर के सामने बस से उतरते समय चकपड़ौना की तरफ से मिट्टी लादकर आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल मोना को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मोना दो बहनों और एक भाई में मंझली थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में था। वहीं, स्कूल बस में खलासी भी मौजूद नहीं था। बच्ची के चाचा संदीप तिवारी ने अपनी तहरीर में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बस चालक ने बच्ची को सड़क की गलत साइड में उतार दिया था, जिसके कारण वह ट्रैक्टर की चपेट में आ गई।

कृषि के बजाय व्यावसायिक कार्यों में हो रहा ट्रैक्टरों का इस्तेमाल

हादसे के बाद जिले में मिट्टी ढोने वाले ट्रैक्टरों के संचालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पड़ताल में सामने आया कि कृषि कार्य के लिए पंजीकृत ट्रैक्टरों का इस्तेमाल मिट्टी, बालू, सरिया और टेंट का सामान ढोने जैसे व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा है। जिले में बड़ी संख्या में ट्रैक्टर बिना किसी प्रभावी नियंत्रण के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। कई वाहन ओवरलोड होकर ग्रामीण सड़कों से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

तीन साल में ट्रैक्टर हादसों में 25 से अधिक लोगों की मौत

जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से होने वाले हादसों का सिलसिला नया नहीं है। बीते तीन वर्षों में ऐसे हादसों में 25 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। अधिकांश दुर्घटनाएं ग्रामीण इलाकों में हुई हैं, जहां ट्रैक्टरों का इस्तेमाल मिट्टी और बालू की ढुलाई के साथ अवैध खनन में भी किया जाता है।

पहले भी ट्रैक्टर हादसों में जा चुकी हैं कई जानें

  • 12 दिसंबर 2025: औराई क्षेत्र के बाड़ी बबनौटी में अवैध मिट्टी खनन में लगे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक और मोपेड को टक्कर मार दी थी। हादसे में खेतलपुर निवासी 22 वर्षीय आईटीआई छात्र सुजीत कुमार पटेल की मौत हो गई थी।

  • 29 जून 2025: भदोही में अवैध मिट्टी खनन में लगे ट्रैक्टर की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्चे की कुचलकर मौत हो गई थी।

  • 10 नवंबर 2026: ज्ञानपुर तहसील के बड़वापुर नहर के पास पुआल से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में 25 वर्षीय प्रियांशु सरोज की मौत हो गई थी, जबकि उसका साथी घायल हो गया था।

  • ज्ञानपुर: गिरधरपुर गांव के पास सुबह सब्जी लेने जा रहे 20 वर्षीय आयुष की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई थी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया था।

ट्रैक्टर चालक के साथ स्कूल प्रबंधन और खनन की भी जांच

औराई क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर खनन विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया है। अवैध खनन की जांच कराई जा रही है। खनन कराने वालों के साथ ट्रैक्टर चालक, वाहन और विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि स्कूल बस में खलासी नहीं था। छात्रा के चाचा ने अपनी तहरीर में स्कूल प्रबंधन की शिकायत भी की है। बस चालक ने बच्ची को गलत साइड में उतारा था या नहीं, इसकी जांच कराई जा रही है।

स्कूल प्रबंधन को नोटिस भेजकर मांगा जाएगा जवाब

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने कहा कि स्कूल बस में खलासी नहीं होना गंभीर लापरवाही है। मामले में संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस भेजकर जवाब मांगा जाएगा। इसके साथ ही जिले के अन्य स्कूलों की बसों की भी जांच कराई जाएगी।

बिना अनुमति मिट्टी ढुलाई पर होगी कार्रवाई

खनन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर के पास मिट्टी खनन और ढुलाई की अनुमति थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। अनुमति नहीं मिलने पर वाहन सीज करने के साथ चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

ट्रैक्टर हादसों के प्रमुख कारण

  • ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार।

  • अप्रशिक्षित चालकों द्वारा वाहन चलाना।

  • कृषि कार्य के लिए पंजीकृत ट्रैक्टरों का व्यावसायिक इस्तेमाल।

  • अवैध खनन और मिट्टी ढुलाई में वाहनों का संचालन।

  • यातायात नियमों की अनदेखी और चालकों की लापरवाही।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles