भदोही: न सीएमओ को जानकारी, न सीएमएस को खबर, 10 साल से गोदाम में धूल फांक रही डिजिटल एक्स-रे मशीन
ज्ञानपुर। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे किए जाते हैं, लेकिन महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो इन दावों की हकीकत बयां कर रही है। अस्पताल में करोड़ों रुपये की डिजिटल एक्स-रे मशीन पिछले 10 वर्षों से गोदाम में बंद पड़ी धूल फांक रही है। हैरानी की बात यह है कि मशीन की जानकारी न तो मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को है और न ही मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को।
मशीन का इस्तेमाल नहीं होने के कारण मरीजों को एक्स-रे जांच के लिए निजी लैब का सहारा लेना पड़ रहा है। वहां एक एक्स-रे कराने के लिए करीब 300 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल पर करीब दो से ढाई लाख मरीजों के उपचार की जिम्मेदारी है। यहां प्रतिदिन लगभग 800 से 900 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। इनमें 100 से 150 प्रसूताएं और हड्डी संबंधी समस्याओं से पीड़ित 50 से 70 मरीज शामिल होते हैं। ऐसे मरीजों के उपचार में एक्स-रे जांच की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके बावजूद अस्पताल में उपलब्ध डिजिटल एक्स-रे मशीन का लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रहा है।
हर दिन 40 से 45 मरीज निजी लैब में करा रहे एक्स-रे
अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण औसतन प्रतिदिन 40 से 45 मरीजों को निजी लैब में जांच करानी पड़ रही है। इनमें करीब 70 फीसदी प्रसूताएं बताई जा रही हैं। ऐसे में सरकारी अस्पताल में मशीन उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को अपनी जेब से पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।
एक साल पहले भी नहीं हुई मशीन इंस्टाल कराने की पहल
करीब एक साल पहले तत्कालीन सीएमओ ने सौ शय्या अस्पताल में लगी डिजिटल एक्स-रे मशीन को जिला अस्पताल में स्थानांतरित कराने का प्रयास किया था। उस दौरान भी विभागीय जिम्मेदारों का ध्यान जिला अस्पताल के गोदाम में वर्षों से पड़ी अपनी डिजिटल एक्स-रे मशीन की ओर नहीं गया। यदि उसी समय इस मशीन को इंस्टाल कराने की पहल की गई होती तो मरीजों को निजी लैब के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के दावों के बीच करोड़ों रुपये की आधुनिक मशीन का एक दशक से बेकार पड़े रहना विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी मशीन को चालू कराने और मरीजों को राहत दिलाने के लिए कब तक कदम उठाते हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।







