भदोही: न पुलों पर संकेतक, न रिफ्लेक्टर; जर्जर पुलों और पुलियों से गुजरना खतरे से खाली नहीं
ज्ञानपुर। जिले में नदियों और नहरों पर बने पुलों व पुलियों से आवागमन करना खतरे से खाली नहीं है। कहीं पुल क्षतिग्रस्त हैं तो कहीं सुरक्षा के लिए संकेतक बोर्ड और रिफ्लेक्टर तक नहीं लगाए गए हैं। ऐसे में वाहन चालकों को भगवान भरोसे सफर करना पड़ रहा है। ठंड के साथ सुबह और रात के समय कोहरा व धुंध बढ़ने लगी है। ऐसे में सुरक्षा इंतजामों की कमी हादसों का खतरा और बढ़ा सकती है।
जिले में करीब 74 किलोमीटर नहरों का नेटवर्क है। वहीं, 52 किलोमीटर लंबी वरुणा और 46 किलोमीटर लंबी मोरवा नदी जिले के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरती हैं। इन दोनों नदियों पर करीब 10 पुल बने हैं। इसके अलावा नहरों पर लगभग 35 पुलियों का निर्माण कराया गया है। इन पुलों और पुलियों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
बृहस्पतिवार को जिले भर में पुलों और पुलियों की स्थिति का जायजा लेने पर कहीं भी संकेतक बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगे नहीं मिले। कई स्थानों पर पुल जर्जर हालत में दिखाई दिए। पुलों के पास सुरक्षा संबंधी इंतजाम नहीं होने से रात के समय वाहन चालकों को विशेष परेशानी हो सकती है।
नहरों और नदियों के पास पहले भी हो चुके हैं हादसे
जिले में नहरों और नदियों के आसपास कई बार वाहन पलटने और दुर्घटनाएं होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसी साल ज्ञानपुर कोतवाली के असनाव चौकी क्षेत्र के बैराखास गांव में एक कार अनियंत्रित होकर टूटे हुए डिवाइडर से टकराने के बाद सीधे नहर में जा गिरी थी।
वहीं, बीते साल नवंबर में एक महिला अपने परिवार के साथ बाइक से जा रही थी। इसी दौरान उनकी बाइक नहर में गिर गई, जिसमें उनकी बच्ची की जान चली गई थी। इसके अलावा बीते साल चौरी क्षेत्र में वरुणा नदी के टूटे पुल के पास एक ट्रैक्टर आधा लटक गया था। हादसे में चालक की जान बाल-बाल बची थी।
इसके बावजूद पुलों और पुलियों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। ठंड के मौसम में सुबह और रात के समय धुंध व कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से इन स्थानों पर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में क्षतिग्रस्त पुलों की मरम्मत कराने के साथ संकेतक बोर्ड, रिफ्लेक्टर और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम कराना जरूरी है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।







