भदोही में सड़क सुरक्षा पर भाषण प्रतियोगिता, खुशबू पटेल प्रथम और विकास शर्मा द्वितीय
भदोही। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता पखवाड़ा के तहत भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘सड़क सुरक्षा में युवाओं की भूमिका’ रखा गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति अपने विचार व्यक्त किए।
प्रतियोगिता में खुशबू पटेल ने प्रथम, विकास शर्मा ने द्वितीय और खुशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने सड़क दुर्घटनाओं के लगातार बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि दुर्घटनाओं से न केवल लोगों की जान जाती है, बल्कि परिवार और समाज को भी गंभीर सामाजिक एवं आर्थिक क्षति उठानी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि युवा वर्ग यातायात नियमों की जानकारी देकर और उनके पालन के प्रति लोगों को जागरूक करके सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। जागरूक युवा समाज में बदलाव लाने वाले ‘चेंज मेकर’ साबित हो सकते हैं।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. रवींद्र कुमार पांडेय ने सड़क सुरक्षा को नागरिक जीवन की गंभीर आवश्यकता बताते हुए सभी से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। वहीं, प्रतियोगिता की संयोजक डॉ. अंकिता तिवारी ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।








