सीज पिकअप से थाने में धान उतरवाने के मामले में सिपाही निलंबित, जांच में पैसे लेने की पुष्टि
औराई। ओवरलोडिंग के मामले में सीज किए गए पिकअप वाहन से औराई कोतवाली परिसर में धान उतरवाने के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कोतवाली में तैनात सिपाही संतोष यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जांच में सिपाही की मिलीभगत और पैसे लेकर धान उतरवाने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, औराई कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज बाजार में एआरटीओ ने ओवरलोडिंग के आरोप में एक पिकअप को सीज किया था। वाहन में निर्धारित 15 क्विंटल की जगह 33 क्विंटल धान लदा हुआ था। एआरटीओ ने 33 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के साथ वाहन को कोतवाली परिसर में खड़ा करा दिया था।
आरोप है कि कोतवाली परिसर में खड़े सीज वाहन से वाहन मालिक मिर्जामुराद के खरगरामपुर निवासी आशीष कुमार चौहान ने धान उतरवा लिया। धान खरीदने वाले व्यापारी मानापुर निवासी किशन कुमार गौतम ने शिकायत की कि वाहन मालिक ने उनके धान को अपना बताकर उतरवा लिया और उसे वाहन से उतरवा दिया।
मामले में पुलिस ने वाहन मालिक आशीष कुमार चौहान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। शिकायत मिलने के बाद एसपी ने मामले की जांच सीओ राजीव सिंह को सौंपी। जांच में सामने आया कि कोतवाली में तैनात सिपाही संतोष यादव की मिलीभगत से वाहन मालिक ने सीज पिकअप से धान उतरवाया था और इसके लिए पैसे भी लिए गए थे।
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी ने सिपाही को निलंबित कर दिया। एसपी अभिनव त्यागी ने कहा कि इस तरह की हरकत गंभीर अनुशासनहीनता है। इससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है। पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और गलत कार्यों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।








