भदोही: विधायक की शिकायत पर पूर्ति निरीक्षक और एसडीएम के पेशकार हटाए गए, भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: विधायक की शिकायत पर पूर्ति निरीक्षक और एसडीएम के पेशकार हटाए गए, भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच शुरू

औराई। भाजपा विधायक दीनानाथ भाष्कर की शिकायत पर जिला प्रशासन ने औराई के पूर्ति निरीक्षक और एसडीएम के पेशकार के खिलाफ कार्रवाई की है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर दोनों को उनके वर्तमान पदों से हटा दिया गया है। विधायक ने दोनों पर भ्रष्टाचार और सरकारी फाइलों में हेरफेर करने के गंभीर आरोप लगाए थे।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व विधायक दीनानाथ भाष्कर ने डीएम को पत्र देकर पूर्ति निरीक्षक पर कोटेदारों से अवैध रूप से धन वसूली करने और एसडीएम के पेशकार राम प्रताप पर फाइलों में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को कार्रवाई की गई।

उप जिलाधिकारी औराई शिवेंद्र कुमार वर्मा ने पेशकार राम प्रताप को एसडीएम न्यायिक कार्यालय में तैनात कर दिया है, जबकि पूर्ति निरीक्षक को जिला पूर्ति कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। पूर्ति निरीक्षक पर लगे आरोपों की जांच के लिए एडीएम को नामित किया गया है।

विधायक ने अपनी शिकायत में मल्लूपुर निवासी उमाशंकर आदि का मामला भी उठाया था। आरोप लगाया था कि संबंधित लोग दो बीघा उसर भूमि पर कब्जा किए हुए थे और मामला न्यायालय में विचाराधीन था। हालांकि, वे उक्त जमीन के संबंध में साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर पाए थे।

एसडीएम शिवेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि पेशकार के खिलाफ जांच के संबंध में अभी कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं, पूर्ति निरीक्षक सतीश कनौजिया ने बताया कि वह फिलहाल अस्पताल में हैं। जांच में पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब पूर्ति निरीक्षक पर लगे आरोपों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles