भदोही: तीन दोस्तों की एक साथ जलीं चिताएं, गांव में पसरा मातम; परिजनों ने मांगा 20 लाख रुपये मुआवजा
बाबूसराय (भदोही)। औराई कोतवाली क्षेत्र के इटवां गांव के पास रविवार को सड़क हादसे में जान गंवाने वाले तीन दोस्तों का सोमवार को मिर्जापुर के कोलाहलपुर गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। तीनों की चिताएं एक साथ जलीं तो घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। उधर, मेदनीपुर गांव में दूसरे दिन भी मातम पसरा रहा और कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर औराई के इटवां गांव के पास तीन दोस्तों की बाइक अनियंत्रित होकर नाले में पलट गई थी। हादसे में मेदनीपुर गांव निवासी पप्पू बिंद के पुत्र सूरज बिंद (20), चुन्नी लाल के पुत्र विवेक बिंद (29) और राकेश बिंद के पुत्र पुनीत बिंद (19) की मौत हो गई थी। तीनों महराजगंज बाजार से घर लौट रहे थे।
घटनास्थल पर दो दोस्तों ने तोड़ा दम
हादसा इतना गंभीर था कि बाइक चला रहे सूरज बिंद और पीछे बैठे विवेक बिंद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल पुनीत बिंद को औराई ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने तीनों के शव परिजनों को सौंप दिए।
एक साथ जलीं तीन चिताएं, हर आंख हुई नम
सोमवार को मिर्जापुर के कोलाहलपुर गंगा घाट पर तीनों दोस्तों का अंतिम संस्कार किया गया। तीनों के पिता ने अपने-अपने बेटों को मुखाग्नि दी। एक साथ तीन चिताएं जलने का दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। इस दर्दनाक घटना से पूरे मेदनीपुर गांव में शोक की लहर है।
मृतक के दो छोटे बच्चे, मुआवजे की मांग
मृतक विवेक बिंद के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार के सामने अब उनके भविष्य और भरण-पोषण की चिंता खड़ी हो गई है। हादसे से दुखी परिजनों ने शासन-प्रशासन से तीनों मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने और 20 लाख रुपये मुआवजा दिलाने की मांग की है। गांव में हर तरफ शोक का माहौल है और परिजनों को सांत्वना देने के लिए लोग पहुंच रहे हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।