प्रयागराज/भदोही।
गंगानगर जोन की पुलिस ने जाली नोटों की छपाई और सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 500 रुपये के 200 और 100 रुपये के 183 जाली नोट बरामद हुए हैं। बरामद नकली नोटों की कुल कीमत लगभग 1.18 लाख रुपये बताई जा रही है।
डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग जाली नोटों को बाजार में खपाने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर सरायइनायत थाना प्रभारी संजय गुप्ता की टीम ने सोमवार रात करीब 10 बजे हाबूसा मोड़ के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में भदोही जिले के दुर्गागंज थाना क्षेत्र के सरायकंसराय निवासी राहुल यादव (28) और सुरियावां थाना क्षेत्र के गोकुलपट्टी निवासी विवेक कुमार (26) शामिल हैं।
दोनों से पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि जाली नोटों की छपाई देवरिया जिले में की जाती है और वे इन्हें अलग-अलग बाजारों में खपाने का काम करते हैं। इसके बाद गंगानगर सर्विलांस सेल प्रभारी सुखचैन तिवारी की टीम ने कार्रवाई करते हुए देवरिया के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बैतलपुर निवासी नरेंद्र यादव उर्फ विराट (26) और रुद्रपुर थाना क्षेत्र के महाराजगंज निवासी धर्मेंद्र कुमार (22) को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य देवरिया के एक मकान में प्रिंटर की मदद से जाली नोट छापते थे। इसके बाद इन नोटों को अलग-अलग जिलों में भेजकर बाजार में चलाने की कोशिश की जाती थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह का मुख्य सरगना देवरिया के गौरी बाजार थाना क्षेत्र का निवासी विवेक यादव है। बताया जा रहा है कि वह पहले जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुका है और अगले वर्ष विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। फिलहाल पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
