नाले के निर्माण में गड़बड़ी पर ग्रामीणों का हंगामा, जांच तक काम ठप
जंगीगंज/डीघ (भदोही)। भदोही जिले के डीघ ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत महुआरी गांव में नाला निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आ गया। निर्माण कार्य में मानक की अनदेखी और घटिया सामग्री के प्रयोग का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और काम रुकवा दिया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में लगभग 140 मीटर लंबे नाले का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण प्रक्रिया में तय तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। आरोप है कि जेसीबी मशीन से केवल खुदाई कराकर सीमेंट की पुलिया (वोवेन पाइप) डाल दी गई है, जबकि नाले की दीवार और बेस को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक ढलाई कार्य सही तरीके से नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी प्रकार निर्माण कराया गया तो बरसात के दिनों में नाला ध्वस्त हो सकता है, जिससे जलभराव और सड़क क्षति की समस्या उत्पन्न होगी। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बालू और सीमेंट की गुणवत्ता संदिग्ध है और कार्य में जल्दबाजी दिखाई जा रही है।
महुआरी निवासी शिवकुमार तिवारी, रवि तिवारी उर्फ बऊ, राजू मिश्रा समेत अन्य ग्रामीणों ने कहा कि यह सरकारी धन से किया जा रहा कार्य है, इसलिए गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने संबंधित अवर अभियंता (जेई) अखिलेश श्रीवास्तव से मौके पर जांच कराने की मांग की।
मामले की सूचना जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध तिवारी को भी दी गई है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक निर्माण कार्य की तकनीकी जांच नहीं हो जाती और मानक के अनुरूप कार्य शुरू नहीं होता, तब तक काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
गांव में हुई इस घटना के बाद निर्माण एजेंसी पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना यह है कि विभागीय अधिकारी जांच कर क्या कार्रवाई करते हैं और निर्माण कार्य कब तक दोबारा शुरू होता है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
