बीमारी से जूझ रही युवती ने काशी एक्सप्रेस के सामने कूदकर दी जान, क्षेत्र में शोक की लहर
दुर्गागंज (भदोही)।
वाराणसी–जंघई रेल खंड पर अर्जुनपुर गांव के पास रविवार दोपहर दर्दनाक घटना में 21 वर्षीय युवती ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि रेल यातायात करीब आधे घंटे तक बाधित रहा।
अर्जुनपुर गांव निवासी प्रमोद दूबे की पुत्री प्रतिभा दूबे (21) लंबे समय से बीमारी से पीड़ित थी। परिजनों के अनुसार पिछले एक वर्ष से उसका इलाज चल रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार न होने के कारण वह मानसिक तनाव में रहती थी। रविवार सुबह लगभग 11 बजे वह भोजन करने के बाद खेत जाने की बात कहकर घर से निकली थी।
काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों से सूचना मिली कि युवती रेलवे ट्रैक की ओर गई है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि उसने गोरखपुर–दादर काशी एक्सप्रेस (डाउन) के सामने कूदकर जान दे दी। ट्रेन से टकराने के बाद शव करीब 50 मीटर तक घिसटने से क्षत-विक्षत हो गया।
घटना की सूचना पर आरपीएफ के हरेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से ट्रैक से शव हटवाया गया। इसके बाद रेल यातायात बहाल किया गया। इस दौरान कुछ ट्रेनों को एहतियातन रोका गया, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दुर्गागंज थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। परिजन बदहवास हैं और स्थानीय लोग शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
महत्वपूर्ण सूचना:
यदि कोई व्यक्ति मानसिक तनाव, अवसाद या निराशा से जूझ रहा हो, तो समय पर मदद लेना जरूरी है। भारत में किरण हेल्पलाइन (1800-599-0019) और AASRA (91-9820466726) जैसी सेवाएं 24×7 सहायता उपलब्ध कराती हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
