संत रविदास को किया नमन, उनके विचारों को अपनाने का लिया संकल्प
नईबाजार/गोपीगंज।
संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती रविवार को जिले भर में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ मनाई गई। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया तथा उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।
भदोही नगर के जमुनीपुर रोडवेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने संत रविदास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर धूप-अगरबत्ती जलाई और प्रसाद का वितरण किया। वक्ताओं ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास भारतीय संत परंपरा के ऐसे महान संत थे, जिन्होंने समाज में फैली कुरीतियों, भेदभाव और असमानता के खिलाफ आवाज उठाई।
वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास का संदेश आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने बताया कि संत रविदास का मानना था कि सच्ची भक्ति बाहरी दिखावे से नहीं बल्कि मन की शुद्धता और अच्छे कर्मों से होती है। उन्होंने जाति-पाति, ऊंच-नीच और पाखंड का विरोध करते हुए मानवता, प्रेम और समानता का मार्ग दिखाया।
इस अवसर पर राजाराम, कैलाशनाथ गौतम, सुभाष चंद्र, सूरज कुमार, संजू, भीमराज, तूफानी, आशीष कुमार, अजय भारती, बबलू राज मिस्त्री, चंदन गौतम सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उधर, गोपीगंज नगर के नारायणी कटरा में भी संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। सर्व समाज जनहित पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विभूति नारायण सिंह ने संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने भक्ति मार्ग के जरिए समाज को जोड़ने का काम किया और लोगों को आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन और उपदेशों से यह सिद्ध किया कि समाज में जन्म से नहीं बल्कि कर्म से व्यक्ति की पहचान होती है। उनके विचारों को अपनाकर ही एक समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
इस कार्यक्रम में डॉ. विनय शंकर तिवारी, सिंटू शुक्ला, रामानुज त्रिपाठी, दिलीप तिवारी, मोहम्मद उमर, राम रसीले, प्रमोद कुमार, चंदर दुआ, रामबाबू, मून्नू, वारिस, अरमान, लल्लन बिंद सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कंसापुर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर भी संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती मनाई गई। जिला उपाध्यक्ष प्रदीप वियोगी और जिला महासचिव ह्रदय नारायण प्रजापति की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने संत रविदास के जीवन और दर्शन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत रविदास 15वीं सदी के महान संत, कवि, दर्शनशास्त्री और समाज सुधारक थे, जिनकी शिक्षाएं आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रही हैं।
इस मौके पर पूर्व मंत्री रामकिशोर बिंद, आरिफ सिद्दीकी, अंजनी सरोज, राजेंद्र ददूबे, केश नारायण, पंचलाल सरोज, सरिता बिंद, करिया पाल सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने संत रविदास के दिखाए मार्ग पर चलने, सामाजिक एकता को मजबूत करने और भेदभाव रहित समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
