सुबह कोहरा, दोपहर से शाम तक चलीं पछुआ हवाएं
ज्ञानपुर। जिले में मौसम का मिजाज रोज़ाना बदल रहा है। रविवार की सुबह घने कोहरे की चादर छाई रही। सुबह करीब नौ बजे तक दृश्यता बेहद कम रही, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी रही। कोहरा छंटने के बाद धूप जरूर निकली, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिल सकी।
दोपहर से शाम तक पछुआ हवाएं चलती रहीं। हवा में नमी होने के कारण धूप के बावजूद लोग ठिठुरते नजर आए। मौसम में आए बदलाव के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण पिछले लगभग दस दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। बीते दो दिनों से सुबह के समय घना कोहरा पड़ रहा है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।
रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना बनी हुई है। खासकर सुबह और देर रात दृश्यता कम रहने से वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत है।
पछुआ हवाओं के चलते ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हवा में नमी होने के कारण धूप में भी ठिठुरन महसूस हो रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में फिलहाल बड़ी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।
किसानों के लिए भी यह मौसम चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। सुबह के समय अधिक नमी और कोहरा फसलों पर प्रतिकूल असर डाल सकता है। कृषि विज्ञान केंद्र ने किसानों को सलाह दी है कि वे फसलों में नमी की स्थिति पर नजर रखें और आवश्यकतानुसार संरक्षण के उपाय करें।
मौसम में इस बदलाव का असर आम जनजीवन के साथ-साथ सड़क और रेल यातायात पर भी देखने को मिल रहा है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
