सड़क पैचिंग में लापरवाही, चौथे दिन ही उखड़ने लगीं गिट्टियां
ग्रामीणों ने जांच कर ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की
जंगीगंज (भदोही)।
डीघ ब्लॉक के नेवाजीपुर–सेमराध मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा कराई गई सड़क पैचिंग कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। महज तीन दिन पहले गड्ढे भरने का काम कराया गया था, लेकिन चौथे दिन ही सड़क पर डाली गई गिट्टियां उखड़कर बिखरने लगीं। इससे न केवल सड़क की हालत बदतर हो गई है, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
यह मार्ग जंगीगंज–धनतुलसी सड़क से नेवाजीपुर होते हुए सेमराध तक करीब आठ किलोमीटर लंबा है। इसी मार्ग से सेमराध मंदिर जाने वाले श्रद्धालु, कल्पवास मेले में आने-जाने वाले लोग और आसपास के 50 से अधिक गांवों के ग्रामीण प्रतिदिन आवाजाही करते हैं। भारी यातायात के बावजूद सड़क मरम्मत में मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पैचिंग कार्य के दौरान न तो गड्ढों की सही सफाई कराई गई और न ही मानक के अनुसार सामग्री का प्रयोग हुआ। नतीजतन, एक ओर पैचिंग का काम चल रहा है, वहीं दूसरी ओर पहले से भरे गए गड्ढों से गिट्टियां उखड़कर सड़क पर फैल रही हैं। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कत हो रही है।
ग्रामीण पंचम यादव, राहुल पांडेय, पृथ्वीराज सिंह, प्रदीप मिश्रा, योगेश पांडेय और चंद्रेश सिंह ने बताया कि यदि समय रहते गुणवत्ता की जांच नहीं कराई गई तो सड़क जल्द ही फिर से जर्जर हो जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराकर दोषी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुभाष चंद्र मौर्य ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। पैचिंग कार्य की जांच कराई जाएगी और यदि निर्माण में लापरवाही या घटिया सामग्री के उपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
