नईबाजार में बदहाल सड़कों को जल्द मिलेगी राहत, तीन करोड़ से होगी मरम्मत
नईबाजार। नगर की जर्जर हो चुकी सड़कों के दिनों-दिन बिगड़ते हालात को देखते हुए नगर पंचायत ने बड़ा कदम उठाया है। करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से छह वार्डों की लगभग 1500 मीटर सड़कों की मरम्मत कराने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू होगा।
नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 11 वार्ड हैं, जिनमें से छह वार्डों में सीवरेज योजना के तहत अंडरग्राउंड नाली निर्माण का कार्य जारी है। दो करोड़ की लागत से हो रहे नाली निर्माण कार्य के दौरान सड़कें खोदी जाने के कारण पूरे नगर की हालत खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ से राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। व्यापारियों का कहना है कि धूल और मिट्टी से दुकानों का व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों के विरोध के चलते दो वार्डों में नाली निर्माण कार्य फिलहाल रुका हुआ है। इसी को देखते हुए नगर पंचायत ने नाली और सड़क दोनों कार्यों को समानांतर रूप से पूरा करने की योजना बनाई है, ताकि लोगों को दोबारा खुदाई की समस्या का सामना न करना पड़े।
नगर पंचायत अध्यक्ष निर्मला लालता सोनकर ने बताया कि “नाली निर्माण के दौरान जर्जर हुई सड़कों की मरम्मत के लिए तीन करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही सभी वार्डों की नालियां और सड़कें दुरुस्त कराई जाएंगी, जिससे नगर का स्वरूप सुधर जाएगा।”
जनता ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए नगर पंचायत से जल्द काम शुरू करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़कें बदहाल हैं, ऐसे में मरम्मत कार्य शुरू होने से आवागमन और व्यापार दोनों को राहत मिलेगी।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

