मेजर और लेफ्टिनेंट के घर चोरी करने वाला सेना का भगोड़ा गिरफ्तार, 25 हजार का इनामी था आरोपी
मेरठ। सेना के अधिकारियों के घरों में चोरी कर पुलिस और सेना दोनों के लिए सिरदर्द बने सेना के भगोड़े राजेश कुमार को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया। सदर बाजार पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बुधवार को मेरठ कैंट क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक राजेश कुमार पर अंबाला पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
राजेश कुमार मूल रूप से ग्राम धांका, नोसेरा राजौरी (जम्मू-कश्मीर) का रहने वाला है। वह 2013 में भारतीय सेना में भर्ती हुआ था, लेकिन 2023 में ड्यूटी छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद से वह देश के विभिन्न राज्यों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
दो अफसरों के घर की चोरी से खुला राज
11 अक्तूबर को तारापुर एन्क्लेव में मेजर निशिथ पालीवाल और 15 जुलाई को विक्रम बत्रा एन्क्लेव में लेफ्टिनेंट कर्नल रणदीप के घर चोरी की वारदात हुई थी। दोनों ही मामलों में सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर राजेश की पहचान की और उसे ट्रैक करते हुए गिरफ्तार किया।
लाखों का माल बरामद
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने लाखों रुपये मूल्य के आभूषण, नकदी, दो मोबाइल फोन, एक कार, सोने के कड़े, चेन, अंगूठियां, मंगलसूत्र और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, राजेश चोरी के माल को दिल्ली, हरियाणा और यूपी के विभिन्न जिलों में बेचता था।
17 आपराधिक मुकदमे दर्ज
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मेरठ, मध्यप्रदेश, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को शक है कि उसके गिरोह में कई अन्य सदस्य भी शामिल हैं जो सेना और पुलिस की वर्दी में वारदात को अंजाम देते थे।
नेटवर्क पर पुलिस की नजर
सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। राजेश से यह भी जानकारी जुटाई जा रही है कि सेना से फरार होने के बाद उसने चोरी का यह नेटवर्क कैसे तैयार किया। पुलिस उसके मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी जांच कर रही है ताकि उसके संपर्कों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि राजेश का पकड़ा जाना सेना और पुलिस अधिकारियों के लिए राहत की बात है, क्योंकि वह लंबे समय से कैंट क्षेत्र में वारदातों को अंजाम देकर सुरक्षा एजेंसियों को चुनौती दे रहा था।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

