प्रयागराज में सहपाठियों ने 12वीं के छात्र की हत्या
छोटे भाई की गोद में बड़ा भाई दम तोड़ गया, कॉलेज प्रबंधन पर उठ रहे सवाल
प्रयागराज। बुधवार सुबह करछना थाना क्षेत्र के कुलमई लाला का पुरा स्थित इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज में हुए हत्याकांड ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया। कक्षा 12 में पढ़ने वाले छात्र अवनीश पांडे (17) की उसके ही दो सहपाठियों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राएं और शिक्षक मौजूद थे।
खून से लथपथ भाई को गोद में उठाकर अस्पताल ले गया छोटा भाई
मृतक का छोटा भाई दिग्विजय पांडे भी उसी कॉलेज में पढ़ता है। उसने बताया कि सुबह सबकुछ सामान्य था। करीब 11 बजे खेल-कूद और लंच ब्रेक के दौरान अचानक कॉलेज परिसर में भगदड़ मच गई। कुछ लोग ऊपर की ओर भाग रहे थे और कई छात्र चीखते-चिल्लाते हुए नीचे उतर रहे थे। तभी किसी ने उसे बताया कि उसके भाई पर हमला हुआ है।
वह जैसे ही छत पर पहुंचा तो देखा कि अवनीश खून से लथपथ पड़ा है। दिग्विजय ने चीखते हुए भाई को गोद में उठाया और मदद के लिए पुकारा। शिक्षकों और छात्रों की मदद से पहले उसे सीएचसी करछना ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रास्ते में दिग्विजय भाई का सिर अपनी गोद में रखकर बार-बार भगवान से प्रार्थना करता रहा कि किसी तरह उसका भाई बच जाए। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही अवनीश ने दम तोड़ दिया।
परिवार में मातम, मां का रो-रोकर बुरा हाल
अवनीश की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मां और परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। गांव और कॉलेज परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। शव को देखकर छोटा भाई दिग्विजय बार-बार बेसुध हो जाता था।
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
इस घटना ने कॉलेज प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षकों और छात्रों की मौजूदगी के बावजूद नाबालिग छात्र चाकू लेकर परिसर में कैसे घुस गए और हत्या जैसी वारदात को अंजाम दे दिया?
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने भी इस पर गहरी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि अगर कॉलेज प्रबंधन समय रहते सतर्क हो जाता तो यह वारदात नहीं होती।
प्रबंधक से संपर्क नहीं
घटना के बाद से कॉलेज प्रबंधक मनोज पांडेय से लगातार संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनका फोन बंद रहा। लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि असली वजह सामने आ सके।
पुलिस की जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने मौके से जुटाए साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपी छात्रों की तलाश की जा रही है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि कॉलेज प्रशासन की लापरवाही ने एक होनहार छात्र की जान ले ली।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

