भदोही: बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई गई, चित्र पर माल्यार्पण कर किया नमन
भदोही। जिले में रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने देश और समाज के हित में उनके योगदान को याद करते हुए उनके संघर्ष, साहस और विचारों पर प्रकाश डाला। साथ ही उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज को शिक्षित एवं सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
बिरसा मुंडा की जयंती पर ज्ञानपुर, भदोही और औराई सहित जिले के सभी छह ब्लॉकों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा आश्रम पद्धति विद्यालयों, समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों, मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग केंद्रों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में भी जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया।
ज्ञानपुर नगर स्थित शहीद पार्क में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष मुकेश गोंड ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने महज 25 वर्ष की आयु में देश और समाज के लिए बड़ा संघर्ष किया। उनका जीवन साहस, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। सभी को प्रयास करना चाहिए कि हमारा समाज शिक्षित हो और विकास की मुख्यधारा से जुड़े।
इस मौके पर रामजी गोंड, विनोद कुमार गोंड, चंद्र मोहन गोंड, बलराम, सुरेंद्र, लवकुश, नागेश और सुषमा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।