भदोही: जिले के 55 घाटों पर डूबते सूर्य को दिया गया अर्घ्य, छठी मइया के जयकारों से गूंजा जनपद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: 55 घाटों पर डूबते सूर्य को दिया गया अर्घ्य, आस्था और लोक संस्कृति का दिखा अद्भुत संगम

छठी मइया के जयकारों से गूंजे घाट, हजारों श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि और आरोग्य जीवन की कामना; सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा 36 घंटे के व्रत का पारण

भदोही। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व डाला छठ के तीसरे दिन रविवार को जिले के 55 घाटों पर आस्था, विश्वास और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शाम 6:17 बजे अस्ताचलगामी सूर्य की लालिमा के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और संध्या वंदन किया। व्रती महिलाओं ने छठी मइया और सूर्य देव से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और आरोग्य जीवन की कामना की।

किसी ने मनौती पूरी होने पर व्रत रखा तो कोई अपनी सास की वर्षों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए घाट पर पहुंचा। चार दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन सुबह से ही व्रतियों के घरों में छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे थे। घरों में कहीं ठेकुआ और प्रसाद तैयार किया जा रहा था तो कहीं पूजन सामग्री और फलों से सूप व दउरा सजाए जा रहे थे।

दोपहर तीन बजे के बाद घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी। साढ़े तीन बजे से ही व्रती महिलाएं हाथों में दीपक और सूप लेकर घाटों पर पहुंचने लगीं। लगभग सभी प्रमुख घाटों पर 200 से 400 तक व्रती महिलाओं ने भगवान सूर्य की आराधना की। उनके साथ हजारों की संख्या में परिजन भी मौजूद रहे।

ज्ञानपुर के हरिहरनाथ मंदिर स्थित ज्ञान सरोवर, गंगा के रामपुर, सीतामढ़ी और बेहरोजपुर घाट पर विशेष भीड़ रही। आचार्य गणेश पांडेय ने बताया कि सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण करेंगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार सूर्य को अर्घ्य देने से आरोग्य और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।

सिर पर दउरा, मन में आस्था; आतिशबाजी से रंगीन हुआ आसमान

सीतामढ़ी गंगा तट पर छठ पूजा का विशेष उत्साह देखने को मिला। पुरुष सिर पर पूजन सामग्री और फल से सजे दउरा लेकर घाट पहुंचे। व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान परिवार की खुशहाली, संतान की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की गई।

इस मौके पर एडीएम शुभांगी शुक्ला, एएसपी शुभम अग्रवाल, एसडीएम अरुण दीक्षित, क्षेत्राधिकारी चमन सिंह चावड़ा, धर्मेंद्र सिंह, संतोष यादव, दिवाकर यादव, बसंत लाल, मुन्नालाल पांडेय और संजय पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सुरियावां नगर के निमकौड़िया तालाब, जोधराज सिंह तालाब और 52 बीघा तालाब समेत ग्रामीण क्षेत्रों के अभिया, पूरे मनोहर, कीर्तिपुर, चक जितराय, तुलापुर बहादुरान, कैड़ा, बहुता चकदाही, बलीपुर, कौड़र, अबरना, ईकोनी पट्टी बेजाब और पुरानी बाजार में भी छठ पूजा की गई। इसके अलावा गोपीगंज, बाबूसराय, अभोली, जंगीगंज, ऊंज और नईबाजार समेत जिले के विभिन्न इलाकों में श्रद्धालुओं ने छठी मइया की पूजा-अर्चना की। शाम को जमकर हुई आतिशबाजी से आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा।

बर्फानी ग्रुप ने की सजावट, नगर पंचायत ने संभाली व्यवस्था

ज्ञानपुर नगर के सिद्धपीठ हरिहरनाथ मंदिर स्थित ज्ञान सरोवर पर नगर पंचायत और बाबा बर्फानी ग्रुप की ओर से आकर्षक सजावट की गई थी। घाटों पर छठी मइया की प्रतिमा स्थापित की गई, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। इस वर्ष व्रती महिलाओं की संख्या बढ़ने से पूजा का दायरा एक घाट से बढ़कर दूसरे और तीसरे घाट तक पहुंच गया।

नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम दास गुप्ता, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमेश पासी और बाबा बर्फानी ग्रुप के ब्रह्मा मोदनवाल, राजेश यादव, राकेश पटवा सहित अन्य लोग व्यवस्था में जुटे रहे।

उधर, एडीएम वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला के नेतृत्व में प्रशासनिक और पुलिस टीम लगातार घाटों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेती रही। घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। गोताखोरों और नावों की व्यवस्था के साथ भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया गया। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर रोशनी की व्यवस्था की गई थी और पुलिसकर्मी लगातार मुस्तैद रहे।

मन्नतों से जुड़ी हैं व्रतियों की आस्था की कहानियां

छठ महापर्व केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे परिवारों की आस्था, परंपरा और भावनाएं भी जुड़ी हैं। जिले में कई ऐसी महिलाएं और परिवार हैं, जो वर्षों से इस कठिन व्रत को पूरी श्रद्धा के साथ करते आ रहे हैं।

बेटा हुआ तो पहली बार किया छठी मइया का व्रत

ज्ञानपुर निवासी शिवानी सिंह ने इस वर्ष पहली बार छठ का व्रत रखा। उन्होंने बताया कि छठी मइया की कृपा से उन्हें बेटा हुआ है, जो अभी सात माह का है। पहली बार व्रत रखने को लेकर उनके मन में काफी उत्साह और श्रद्धा है। उन्होंने कहा कि व्रत के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई और अब वह हर साल छठी मइया का व्रत करेंगी।

छठी मइया की आस्था झारखंड से खींच लाती है गांव

ज्ञानपुर निवासी शिवम तिवारी कई वर्षों से परिवार के साथ झारखंड में रहते हैं, लेकिन छठ पूजा के अवसर पर हर साल गांव लौट आते हैं। वह बीते सात वर्षों से अपनी पत्नी शिव कुमारी के साथ छठ का व्रत रख रहे हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों की सुख-समृद्धि की कामना से पति-पत्नी दोनों व्रत करते हैं। झारखंड में कर्मकांड कराने के बावजूद छठ पूजा गांव आकर ही करते हैं।

32 साल से सास की परंपरा निभा रहीं उषा

ज्ञानपुर के हॉस्टल चौराहा निवासी 59 वर्षीय उषा गुप्ता पिछले 32 वर्षों से अपनी सास की परंपरा को निभा रही हैं। मूल रूप से बलिया की रहने वाली उषा के पति यूपी पुलिस में ज्ञानपुर में तैनात थे और यहीं से सेवानिवृत्त हुए। इसके बाद उनका परिवार ज्ञानपुर में ही बस गया। उषा ने बताया कि उनके बाद उनकी बहू इस परंपरा को आगे बढ़ाएगी। जब तक छठी मइया का आशीर्वाद और शरीर में सामर्थ्य रहेगा, वह व्रत करती रहेंगी।

बेटी और दामाद की खुशहाली के लिए 40 साल से कर रहीं पूजा

65 वर्षीय मंजू श्रीवास्तव मूल रूप से बलिया की रहने वाली हैं। उनके पति जिले में बीएसएनएल में तैनात थे और अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनकी दो बेटियां हैं। वह पिछले 40 वर्षों से बेटियों और दामाद की सुख-समृद्धि के लिए छठी मइया का व्रत रख रही हैं। उन्होंने बताया कि छठी मइया ने उन्हें बेटियों और दामाद के रूप में पूरा परिवार दिया है। उन्हें कभी बेटे की कमी महसूस नहीं हुई। उम्र और सामर्थ्य साथ देने तक वह यह व्रत जारी रखना चाहती हैं।

तीन बेटियों के बाद हुआ बेटा, पति-पत्नी साथ रखते हैं व्रत

ज्ञानपुर के बालीपुर निवासी लक्ष्मी देवी अपने पति प्रदीप सिंह के साथ पिछले 20 वर्षों से छठी मइया का व्रत कर रही हैं। उन्होंने बताया कि तीन बेटियों के बाद उनका बेटा हुआ, जो अब 12 साल का है। हालांकि उनके लिए बेटा और बेटी में कोई अंतर नहीं है। वह छठी मइया से अपने सभी बच्चों की खुशहाली और अच्छे भविष्य की कामना करती हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सामर्थ्य रहेगा, वह और उनके पति श्रद्धापूर्वक यह व्रत करते रहेंगे।

सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण करेंगी।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles