भदोही: विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए 58 गांवों की जमीन होगी अधिग्रहित, 16 हजार किसानों को मिलेगा मुआवजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए 58 गांवों के 16 हजार किसानों की जमीन होगी अधिग्रहित, मुआवजे के लिए 1900 करोड़ जारी

35 किलोमीटर लंबा होगा जिले में एक्सप्रेस-वे, सर्किल रेट से चार गुना मिलेगा मुआवजा; दानूपुर के पास विकसित होगा 1000 हेक्टेयर का औद्योगिक गलियारा

भदोही। विंध्य एक्सप्रेस-वे के निर्माण को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। परियोजना के तहत जिले की तीन तहसीलों के 58 गांवों में करीब 16 हजार किसानों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी। प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के लिए शासन की ओर से 1900 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है। छह लेन के इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण से जिले में आवागमन के साथ व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की ओर से जिले में करीब 400 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। विंध्य एक्सप्रेस-वे प्रयागराज के हंडिया से जिले के दुर्गागंज क्षेत्र में प्रवेश करेगा। इसके बाद यह मीरजापुर होते हुए सोनभद्र तक जाएगा। जिले में इसकी कुल लंबाई करीब 35 किलोमीटर होगी। एक्सप्रेस-वे पर जिले में केवल एक कट बनाया जाएगा, जो जिला मुख्यालय के नजदीक चकमान सिंह कांवल गांव के पास प्रस्तावित है।

परियोजना के लिए अधिग्रहित की जाने वाली जमीन का मुआवजा सर्किल रेट से चार गुना अधिक निर्धारित किया गया है। जिले में अधिग्रहण के दायरे में आने वाली करीब 400 हेक्टेयर जमीन में लगभग 90 प्रतिशत कृषि भूमि है। ऐसे में बड़ी संख्या में किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

एक्सप्रेस-वे के किनारे बनेगा औद्योगिक गलियारा

विंध्य एक्सप्रेस-वे के किनारे जिले में औद्योगिक गलियारा भी विकसित किया जाएगा। इसके लिए करीब एक हजार हेक्टेयर जमीन चिह्नित करने की योजना है। दानूपुर के पास इसके लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। औद्योगिक गलियारे के विकसित होने से जिले में नए उद्योगों की स्थापना, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है।

इन 58 गांवों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेस-वे

भदोही तहसील: अभोली, सरायभाव सिंह, एकौनी, भोरी, कसौड़ा, खरगपुर, बहरैची, कपुरीपुर, चंवर, बीरापुर, घटमापुर, आनंदडीह, सराय होला, गंगारामपुर, भटेवरा, महजूदा, चकबसुही और चकधरनी।

ज्ञानपुर तहसील: गजधरा, जयसिंहपुर, चकमान सिंह कांवल, मानकपुर, श्रीपुर, भगवानपुर, मेढ़ी, हरीपट्टी, शुकुलपुर, पकरी कला, वारी, पूरे गड़ेरिया, चक सिखारी, भुसौला, गिरधरपुर, लक्ष्मणपट्टी, कला खुर्द और चक कौलपति।

औराई तहसील: बैरी खास, अछबर, हेवतपुर, गरौली, नकटापुर, सेउर, जयरामपुर, माधोसिंह, कालियापुर, पीपरगांव, महथुवा, अहरपुर, लसमणिया, गौरी और मुकुंदपट्टी।

26315 करोड़ रुपये की है परियोजना

जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि विंध्य एक्सप्रेस-वे 26,315 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना है। अधिग्रहित जमीन के मुआवजे के लिए शासन की ओर से 1900 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है। छह लेन के इस एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक गलियारा भी विकसित किया जाना है। इससे जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles