धनतेरस पर सोने-चांदी के आभूषणों की खरीद पर मिलेगी छूट, ग्राहकों को उपहार देने की तैयारी
भदोही। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को लेकर सर्राफा बाजार में रौनक बढ़ने की उम्मीद है। नगर के सर्राफा बाजार में इन दिनों सोने-चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव जारी है। कीमतें अधिक होने के कारण ग्राहक खरीदारी में सावधानी बरत रहे हैं। हालांकि, आगामी त्योहारों और लगन के सीजन को देखते हुए सर्राफा कारोबारियों को कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई कारोबारी विशेष छूट, उपहार और इनाम की योजनाएं भी तैयार कर रहे हैं।
गोपीगंज के सर्राफा कारोबारी एवं स्वर्णकार समाज सेवा समिति के सदस्य विजय चंद उमरवैश्य ने बताया कि इस बार धनतेरस और दीपावली पर ग्राहकों को विशेष उपहार देने की योजना है। आभूषण बनवाने पर ग्राहकों को 10 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। वहीं, डायमंड की खरीदारी पर प्रत्येक 25 हजार रुपये की खरीद पर एक कूपन दिया जाएगा। इन कूपनों के माध्यम से लकी ड्रॉ आयोजित कर ग्राहकों को उपहार दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सोने-चांदी की कीमतों में तेजी के कारण कई ग्राहक नए आभूषण बनवाने से परहेज कर रहे हैं। इसका असर बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। ऐसे में त्योहारों के अवसर पर छूट और उपहार योजनाओं से ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, घोसिया के सर्राफा कारोबारी दिलीप बरनवाल ने बताया कि इन दिनों अधिकांश ग्राहक पुराने गहनों को बदलकर नए आभूषण बनवा रहे हैं। धनतेरस और दीपावली पर चांदी के सिक्कों की बिक्री बढ़ने की संभावना है। उन्होंने बताया कि फिलहाल कारोबार संतोषजनक है। सोने-चांदी के भाव में नरमी आने से ग्राहक एक बार फिर दुकानों की ओर रुख करने लगे हैं।
कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस, दीपावली और लगन के सीजन में बाजार में ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी। त्योहारों के दौरान सोने-चांदी के आभूषणों के साथ ही चांदी के सिक्कों की मांग में भी तेजी आ सकती है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।