भदोही: जंगीगंज बाजार में यातायात पुलिस की कार्रवाई, 30 से अधिक वाहनों का चालान
जंगीगंज (भदोही)। जंगीगंज बाजार में मंगलवार को यातायात पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर दुकानों के सामने और सर्विस लेन पर बेतरतीब खड़े 30 से अधिक वाहनों का चालान किया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों में अफरा-तफरी मची रही। कई चालक अपने वाहन लेकर इधर-उधर जाते नजर आए।
बाजार में सीतामढ़ी मोड़, अंडरपास और विभिन्न दुकानों के सामने आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। ब्रिज के पूर्वी छोर पर स्थित एक कपड़े की दुकान के सामने ग्राहक अक्सर अपने वाहन सर्विस लेन पर खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस की ओर से कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
इसी तरह जंगीगंज पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर पश्चिम स्थित एक चाट की दुकान पर ग्राहकों की भीड़ के कारण सर्विस लेन का आधा हिस्सा प्रभावित रहता है। इससे बाजार में आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यातायात प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि जंगीगंज बाजार में कई दुकानदारों की मनमानी को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। संबंधित लोगों को कई बार समझाया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद 30 से अधिक वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।