भदोही में सीवर लाइन बिछाने का काम बना मुसीबत, सड़क खोदने और मलबे से बाधित हुआ आवागमन
व्यापार प्रभावित, लोगों में बढ़ा आक्रोश — सभासद बोले, काजियाना का पानी कटरा बाजार में नहीं जाने देंगे
भदोही। नगर पालिका परिषद की ओर से जलनिकासी की समस्या दूर करने के लिए तकिया कल्लन शाह से अजिमुल्लाह चौराहा, कटरा बाजार होते हुए सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया है। लेकिन, काम की धीमी रफ्तार और बदइंतजामी के कारण यह परियोजना अब स्थानीय लोगों और व्यापारियों के लिए सिरदर्द बनती जा रही है।
अजिमुल्लाह चौराहे से लेकर कटरा बाजार के बीच सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया है। जगह-जगह मलबे के ढेर पड़े हैं, जिससे न केवल आवागमन बाधित हो गया है बल्कि आसपास की दुकानों का व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क पर वाहन तो दूर, पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।
एक सप्ताह में केवल 20 मीटर पाइप बिछाने का काम
नगर पालिका द्वारा शुरू किए गए इस कार्य को एक सप्ताह हो चुका है, लेकिन अब तक मात्र 20 मीटर सीवर पाइप ही बिछाई जा सकी है। इससे आमजन में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
नगर निवासी कमलेश श्रीवास्तव ने कहा, “इस तरह के कार्यों को झटपट निपटाना चाहिए, लेकिन पालिका की कार्यशैली बेहद सुस्त है। अगर खुले इलाके में इतनी धीमी रफ्तार है तो आगे जहां मार्ग सकरा है, वहां लोगों की परेशानी और बढ़ेगी।”
सभासद ने जताई नाराजगी, कहा—यह योजना समस्या बढ़ाएगी
कटरा बाजार के सभासद गिरधारी जायसवाल ने नगर पालिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “पालिका काजियाना मोहल्ले के कसाई टोले का पानी तकिया कल्लन शाह से होते हुए कटरा बाजार के सीवर में जोड़ना चाहती है। इससे पूरे बाजार का सीवर ओवरफ्लो होने लगेगा। हम ऐसा नहीं होने देंगे।”
उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) से की गई है। जायसवाल ने मांग की है कि कार्य योजना की पुन: समीक्षा की जाए और कटरा बाजार को अतिरिक्त सीवर भार से बचाया जाए।
पालिका का दावा—जलभराव से मिलेगी राहत
नगर पालिका के एक अधिकारी के अनुसार, “तकिया कल्लन शाह क्षेत्र में लगातार हो रहे सीवर ओवरफ्लो को रोकने के लिए यह लाइन बिछाई जा रही है। कार्य पूरा होने के बाद जलनिकासी की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।”
हालांकि, वर्तमान में सड़क खोदने और मलबे के कारण न केवल लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है, बल्कि बाजार का कारोबार भी ठप होता जा रहा है। दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सफाई और मरम्मत नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

