एक्सिस बैंक के तीन अधिकारियों पर केस, विदेशी मुद्रा सौदे में ढाई करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप
वाराणसी। काशी में एक्सिस बैंक से जुड़ा एक बड़ा आर्थिक घोटाला सामने आया है। इनुवियम एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी ने बैंक के तीन अधिकारियों पर विदेशी मुद्रा सौदे में फर्जीवाड़ा कर करीब ढाई करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। कंपनी का दावा है कि बैंक अधिकारियों ने “जोखिम-मुक्त निवेश योजना” के नाम पर कंपनी को भरोसे में लिया और बाद में फर्जी दस्तावेजों के जरिये विदेशी मुद्रा लेनदेन को वैध दिखाने का प्रयास किया।
कंपनी निदेशक ने लगाया गंभीर आरोप
तुलसीपुर निवासी गंगासागर प्रसाद गुप्ता, जो इनुवियम एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं, ने भेलूपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि वर्ष 2023 में एक्सिस बैंक के दो वरिष्ठ अधिकारी —
-
सुनील दुबे, असिस्टेंट वाइस प्रेसीडेंट एवं सेंटर हेड (कमर्शियल बैंकिंग ग्रुप)
-
ग्रेसी सिंह, रिलेशनशिप मैनेजर
— उनके घर पहुंचे और विदेशी मुद्रा के अंतर से लाभ कमाने की “जोखिम-मुक्त योजना” बताई। कंपनी ने 25 लाख रुपये का फिक्स डिपॉजिट बैंक में करवाया। शुरू में कुछ लाभ दिखाकर उनका भरोसा जीता गया, लेकिन बाद में पता चला कि यह फेमा (FEMA) और आरबीआई नियमों के तहत अवैध विदेशी मुद्रा सट्टा लेनदेन था।
फर्जी इनवॉइस और बनावटी कॉन्ट्रैक्ट
कंपनी के मुताबिक, बैंक अधिकारियों ने कंपनी के नाम से 13 फॉरेक्स फॉरवर्ड कॉन्ट्रैक्ट बुक किए, जबकि कंपनी के पास इस तरह के सौदों की कोई वैधता नहीं थी क्योंकि वह कोई निर्यात या आयात भुगतान नहीं कर रही थी।
23 अक्टूबर 2023 को जब कंपनी के ईमेल पर एक फर्जी निर्यात इनवॉइस आया तो मामला संदिग्ध लगने लगा। जांच में सामने आया कि बैंक अधिकारी कंपनी के लेटरहेड पर जाली दस्तावेज तैयार कर रहे थे ताकि इन विदेशी मुद्रा सौदों को वैध ठहराया जा सके।
कंपनी के खाते से 52 लाख रुपये डेबिट
मामले का खुलासा तब हुआ जब 10 जुलाई 2024 को स्विट्जरलैंड की करेंसी (फ्रैंक) में बुक किया गया एक कॉन्ट्रैक्ट 8 जुलाई को मैच्योर हुआ। उस वक्त बाजार दर 107.70 रुपये प्रति फ्रैंक थी, जबकि बैंक ने सौदा 97.25 रुपये पर किया था।
इससे बैंक को भारी नुकसान हुआ और बिना अनुमति कंपनी के खाते से 52 लाख 25 हजार रुपये डेबिट कर लिए गए। इसके बाद जब कंपनी ने आंतरिक जांच की तो पाया गया कि तीन और कॉन्ट्रैक्ट्स में करीब दो करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया गया है।
आरबीआई और ईडी से शिकायत
कंपनी निदेशक गंगासागर गुप्ता ने कहा कि,
“बैंक के जिम्मेदार अधिकारियों ने धोखाधड़ी कर न सिर्फ हमारी कंपनी को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि बैंकिंग प्रणाली पर से भरोसा भी उठ गया है। हमने इस पूरे मामले की शिकायत आरबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ED) को भेज दी है, ताकि मामले की उच्चस्तरीय जांच हो सके।”
तीन बैंक अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज
कंपनी की तहरीर पर भेलूपुर पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति समेत तीन बैंक अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी बैंक दस्तावेज, ईमेल ट्रेल और कॉन्ट्रैक्ट डिटेल्स की जांच कर रही है।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

