गोवा से लौटा मजदूर का शव, बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल, ग्रामीणों ने की सरकारी मदद की मांग
दुर्गागंज। अर्जुनपुर गांव निवासी मजदूर जिलाजीत बिंद का शव रविवार को गोवा से गांव लाया गया। चार दिन पूर्व गोवा में सर्पदंश के कारण उनकी मौत हो गई थी। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव शोक में डूब गया।
ग्रामीणों ने किया चंदा, शव को हवाई जहाज से लाया गया
गरीब परिवार के सामने शव लाने की बड़ी समस्या थी। ऐसे में ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और चंदा एकत्र कर शव को हवाई जहाज से गांव तक लाने की व्यवस्था की। गांव पहुंचते ही मृतक की सात बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सात बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
जिलाजीत बिंद की सात बेटियां – चंदा, बिंदु, इंदु, पायल, खुशबू, प्रियंका और ज्योति – पिता की मौत से बेसहारा हो गईं। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चियों के भविष्य को लेकर अब पूरा गांव चिंतित है।
जनप्रतिनिधियों पर ग्रामीणों का आक्रोश
ग्रामीणों ने कहा कि “जनप्रतिनिधि चुनाव के समय वोट मांगने आते हैं, लेकिन जब कोई विपत्ति आती है तो उनका दर्शन तक दुर्लभ हो जाता है।” उन्होंने शासन-प्रशासन से परिवार को आर्थिक सहायता, सरकारी आवास और बेटियों की पढ़ाई-भविष्य के लिए विशेष मदद की मांग की है।
सीतामढ़ी घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
जिलाजीत का अंतिम संस्कार सीतामढ़ी घाट पर ग्रामीणों की मदद से किया गया। इस मौके पर पूर्वांचल प्रभारी सालिक राम यादव, डॉ. सुजीत बिंद, रमेश चंद्र बिंद, धीरज दुबे, अजय कुमार और संजय कुमार सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे और परिवार को ढांढस बंधाया।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

