भदोही: 380 विद्यालयों के सामने न ब्रेकर, न जेब्रा क्रॉसिंग, खतरे में बच्चों की सुरक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: 380 विद्यालयों के सामने न ब्रेकर, न जेब्रा क्रॉसिंग, जान जोखिम में डालकर सड़क पार कर रहे बच्चे

भदोही। जिले में स्कूल-कॉलेजों के सामने यातायात सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। करीब 380 विद्यालयों के सामने न तो स्पीड ब्रेकर हैं और न ही जेब्रा क्रॉसिंग की व्यवस्था है। ऐसे में विद्यार्थियों को सड़क पार करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। मुख्य मार्गों और हाईवे के किनारे स्थित विद्यालयों के सामने तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

जिले में बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के विद्यालयों सहित कुल 1750 स्कूल हैं। वहीं, माध्यमिक शिक्षा परिषद के 196 विद्यालय संचालित हैं। इनमें 20 प्रतिशत से अधिक विद्यालय मुख्य मार्गों पर स्थित हैं। इन स्कूलों में प्रतिदिन एक लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का आना-जाना होता है।

ज्ञानपुर में कंपोजिट विद्यालय ज्ञानपुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय ज्ञानपुर देहाती, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज और जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज सहित कई शिक्षण संस्थान हैं। अभोली क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय मतेथू और कनकपुर के अलावा चौरी क्षेत्र में मदरसे, परिषदीय विद्यालय और इंटर कॉलेज संचालित हैं। इसी तरह सीतामढ़ी मार्ग पर कृष्ण चंद्र पब्लिक स्कूल और जंगीगंज में प्राथमिक विद्यालय सहित कई शिक्षण संस्थान स्थित हैं।

छुट्टी के समय बढ़ जाती है परेशानी

विद्यालय खुलने और छुट्टी होने के समय सड़कों पर विद्यार्थियों की आवाजाही बढ़ जाती है। इसके बावजूद कई स्कूलों के सामने वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए जरूरी इंतजाम नहीं दिखाई देते। स्पीड ब्रेकर और जेब्रा क्रॉसिंग के अभाव में बच्चों को तेज रफ्तार वाहनों के बीच से सड़क पार करनी पड़ती है।

मंगलवार को पड़ताल के दौरान कई विद्यालयों के सामने ब्रेकर और जेब्रा क्रॉसिंग नहीं मिले। ऐसी स्थिति में स्कूल के शिक्षक ही वाहनों को रोककर बच्चों को सड़क पार कराते नजर आए। यातायात सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से किसी हादसे की आशंका बनी रहती है।

सुरक्षा इंतजामों की जरूरत

विद्यालयों के आसपास सड़क सुरक्षा के लिए स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रॉसिंग और चेतावनी संकेतक महत्वपूर्ण हैं। खासकर स्कूल खुलने और छुट्टी के समय यातायात नियंत्रण की व्यवस्था जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार कराई जा सके। जिले में बड़ी संख्या में विद्यालयों के सामने सुरक्षा इंतजामों का अभाव बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles