भदोही: रामलीला में हुआ अहिल्या उद्धार और गंगा अवतरण का मंचन, मीना बाजार की लीला ने मोहा मन
भदोही। क्षेत्र के अमीर पट्टी स्थित मारुति धाम हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित रामलीला में सोमवार की शाम अहिल्या उद्धार, गंगा अवतरण और मीना बाजार की लीला का मंचन किया गया। कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान प्रभु श्रीराम के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
रामलीला के प्रसंग के अनुसार, मिथिला नरेश जनक के निमंत्रण पर महर्षि विश्वामित्र भगवान श्रीराम और लक्ष्मण को लेकर जनकपुर के लिए प्रस्थान करते हैं। रास्ते में प्रभु श्रीराम शिला रूप में पड़ी अहिल्या का उद्धार करते हैं। इसके बाद तीनों जनकपुर पहुंचते हैं। भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के दर्शन कर मिथिलावासी प्रसन्न हो उठते हैं। इस दौरान मिथिला की महिलाएं आपस में चर्चा करती हैं कि यदि सीता के स्वयंवर में भगवान श्रीराम का चयन हो जाए तो यह बेहद सुखद होगा।
इसके बाद पुष्प वाटिका में भगवान श्रीराम और माता सीता के मिलन का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। महर्षि विश्वामित्र के लिए पुष्प लेने पहुंचे राम और लक्ष्मण की मुलाकात सीता से होती है। दोनों एक-दूसरे को देखकर मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। इस दृश्य को देखकर दर्शक भावविभोर हो उठते हैं।
रामलीला के दौरान मीना बाजार की लीला भी आकर्षण का केंद्र रही। जनकपुर के बाजार का अवलोकन करने पहुंचे भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की अगवानी औराई क्षेत्र के सेठ मंगलदास केसरी ने की। उन्होंने दोनों भाइयों को मेले में आभूषण, हीरे-जवाहरात, खिलौनों और मिठाइयों की दुकानों का भ्रमण कराया।
मीना बाजार की आकर्षक प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और प्रभु श्रीराम के जयकारे लगाए।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।