नो एंट्री व्यवस्था ध्वस्त: ट्रक के प्रवेश से लगा भीषण जाम, यात्रियों और स्थानीयों को हुई भारी परेशानी
गोपीगंज।
नगर में यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी लगातार चिंता का विषय बनती जा रही है। नो एंट्री लागू होने के बावजूद भारी वाहनों का बेझिझक शहर में प्रवेश करना पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है। मंगलवार की शाम इसका ताज़ा उदाहरण तब देखने को मिला जब एक ट्रक ने नो एंट्री तोड़ते हुए गल्ला मंडी मार्ग में प्रवेश कर लिया।
ट्रक के प्रवेश करते ही गल्ला मंडी, खरहट्टी मोहल्ला और गोपीगंज-ज्ञानपुर रोड की तरफ यातायात अवरुद्ध हो गया। जाम इतनी तेजी से बढ़ा कि कुछ ही मिनटों में रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चूंकि ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन करीब दो दर्जन से अधिक ट्रेनों का आवागमन होता है, ऐसे में स्टेशन जाने वालों, यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग समय पर ट्रेन पकड़ने से चूक गए।
स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन सिर्फ बोर्ड लगाने तक सीमित है, लेकिन क्रियान्वयन पूरी तरह विफल है। व्यापारी स्वतंत्र जायसवाल, अनुपम अग्रवाल और मनोज साहू ने इस तरह की घटनाओं को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी से ठोस कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द स्थिति नहीं सुधरी तो व्यापारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होना पड़ेगा।
इस संबंध में पूछे जाने पर कोतवाल शैलेश राय ने कहा कि यह समस्या लगातार चर्चा का विषय है और जल्द ही व्यापारियों, नगर पालिका और पुलिस प्रशासन के साथ संयुक्त बैठक कर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि अब से नो एंट्री का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों को बक्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

