जनगणना-2027: दूसरे चरण में पूछे जाएंगे 40 सवाल, 3600 प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जनगणना-2027 के दूसरे चरण में पूछे जाएंगे 40 सवाल, 3600 प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे

भदोही। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में जिले के परिवारों से करीब 40 अहम सवाल पूछे जाएंगे। इन सवालों के माध्यम से परिवार के सदस्यों की संख्या, शिक्षा, वैवाहिक स्थिति, रोजगार, आजीविका, मातृभाषा समेत सामाजिक-आर्थिक और जनसांख्यिकीय जानकारी जुटाई जाएगी। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनगणना कार्यशाला में जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने अधिकारियों को द्वितीय चरण की तैयारियों और प्रक्रिया की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद एक दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर निर्धारित प्रश्नावली के आधार पर लोगों की जानकारी दर्ज करेंगे।

इन जानकारियों से जुड़े होंगे सवाल

द्वितीय चरण में व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु, विवाह के समय आयु, पति या पत्नी का नाम, राष्ट्रीयता, धर्म, अनुसूचित जाति/जनजाति, माता-पिता का विवरण, दिव्यांगता, मातृभाषा और अन्य भाषाओं के ज्ञान से संबंधित जानकारी ली जाएगी।

इसके अलावा साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, शैक्षिक स्तर, पिछले वर्ष कार्य करने की स्थिति, व्यवसाय, उद्योग, कार्यस्थल तक आवागमन, जन्म स्थान, पिछला निवास स्थान, वर्तमान निवास की अवधि और पिछले निवास का पता भी दर्ज किया जाएगा।

जनगणना में बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर, आधार, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट आदि से जुड़े सवाल भी शामिल होंगे। परिवार की मातृभाषा के रूप में हिंदी और भोजपुरी दर्ज किए जाने का प्रावधान भी रहेगा।

3600 प्रगणक और 550 पर्यवेक्षक संभालेंगे जिम्मेदारी

जिले में जनगणना कार्य के लिए करीब 3,600 प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। वहीं लगभग 550 पर्यवेक्षक पूरे कार्य की निगरानी करेंगे। कार्मिकों को जनगणना की प्रक्रिया और बारीकियों की जानकारी देने के लिए दो मास्टर ट्रेनर और 60 फील्ड ट्रेनर की व्यवस्था की गई है।

डीएम शैलेष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना कार्य से जुड़े सभी कार्मिकों को निर्धारित प्रशिक्षण गंभीरता और गुणवत्तापूर्वक दिया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश का अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके सफल संचालन के लिए सभी स्तरों पर समन्वय, आंकड़ों की शुद्धता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।

प्रशिक्षण कार्यशाला जनगणना निदेशालय के ट्रेनर पंकज सिंह द्वारा संचालित की गई। इस दौरान एडीएम शुभांगी शुक्ला, सीडीओ बाल गोविंद शुक्ला समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles