15 हजार का इनामी चोरी का आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के गहने और 930 रुपये बरामद
ज्ञानपुर। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को 15 हजार रुपये के इनामी चोरी के आरोपी अर्पित अग्रहरि को कंसापुर स्थित कांशीराम शहरी आवास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और 930 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दो चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि जनवरी 2026 में कांशीराम आवास निवासी रेशमा ने अपने घर में चोरी होने की तहरीर दी थी। इसके अलावा भिदिउरा गांव निवासी अनिल कुमार गुप्ता के घर में भी चोरी की घटना हुई थी। दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अर्पित अग्रहरि कांशीराम आवास के ब्लॉक नंबर-62, ज्ञानपुर का निवासी है। उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ में उसने रेशमा उर्फ आपा के घर से चोरी किए गए आभूषण अपने घर में छिपाकर रखने की जानकारी दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बंद मकान का ताला खुलवाकर चोरी के आभूषण बरामद किए। बरामद सामान में पीली धातु के तीन कील, एक छोटी नथिया, दो सेट झाले, एक टीका, एक जोड़ा, एक मंगलसूत्र और एक झूमर शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने 930 रुपये नकद भी बरामद किए।
पूछताछ में आरोपी ने होली के दिन अपने साथियों के साथ भिदिउरा गांव निवासी अनिल कुमार गुप्ता के घर चोरी करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि उस चोरी से मिले सामान को बेचकर प्राप्त रकम मौज-मस्ती में खर्च कर दी थी और उसके पास केवल 930 रुपये ही बचे थे।
पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और दोनों चोरी की घटनाओं से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।




