जननी सुरक्षा योजना की खराब प्रगति पर डीएम नाराज, एमओआईसी को लगाई फटकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जननी सुरक्षा योजना की खराब प्रगति पर डीएम ने एमओआईसी को लगाई फटकार

ज्ञानपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम शैलेष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। खराब इंडीकेटर्स पर विशेष ध्यान देते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर डीएम ने एमओआईसी के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने जल्द से जल्द प्रगति में सुधार लाने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुधार नहीं होने की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

डीएम ने कहा कि जिले के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए आशा और एएनएम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को जागरूक एवं प्रेरित करने तथा सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में प्रसव के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

मातृ मृत्यु के आंकड़ों में पारदर्शिता के निर्देश

बैठक में मातृ मृत्यु दर से संबंधित आंकड़ों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को आंकड़े पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिपोर्टिंग में किसी भी प्रकार की विसंगति नहीं होनी चाहिए और वास्तविक स्थिति के आधार पर ही आंकड़े प्रस्तुत किए जाएं।

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सुविधाएं बढ़ाने पर जोर

डीएम ने क्वालिटी एश्योरेंस कार्यक्रम के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लैब स्लैब और बेसिन की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने व्यक्तिगत एवं टीम आधारित इंटेंसिवनेस बढ़ाते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बैठक में जिन बिंदुओं पर चर्चा और समीक्षा की गई है, उनकी कार्यवृत्ति तथा अनुपालन आख्या अगले दिन तक अनिवार्य रूप से उनके समक्ष प्रस्तुत की जाए।

बैठक में सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles