भदोही: 31वीं जनपदीय स्काउट-गाइड प्रतियोगिता का समापन, 31 टीमों ने लिया प्रतिभाग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

31वीं जनपदीय स्काउट-गाइड प्रतियोगिता का समापन, 31 टीमों ने किया प्रतिभाग

जंगीगंज। महर्षि शिवव्रत लाल इंटरमीडिएट कॉलेज, राधास्वामी धाम में आयोजित 31वीं जनपदीय स्काउट-गाइड प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला और जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में जिले की कुल 31 टीमों ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर आकर्षक झांकियां निकालीं। इनमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, छोटा परिवार सुखी परिवार, छठ पूजा, जनसंख्या विस्फोट, पुलवामा हमला, नशा नाश की जड़ है और जय जवान-जय किसान जैसे विषयों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों के शिविरों का निरीक्षण किया और उनकी तैयारियों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने स्काउट विद्यार्थियों द्वारा शिविरों में तैयार किए गए व्यंजनों का स्वाद भी चखा। सीडीओ बाल गोविन्द शुक्ला ने कहा कि जीवन महत्वपूर्ण होने के साथ संघर्षपूर्ण भी है। जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन एक मजबूत स्तंभ है। वहीं, डीआईओएस अंशुमान ने कहा कि पिछले वर्ष प्रदेश स्तर पर भदोही जनपद तीसरे स्थान पर रहा था। उम्मीद है कि इस बार जिले के विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल करेंगे।

गाइड और स्काउट वर्ग में इन विद्यालयों ने मारी बाजी

गाइड वर्ग में ब्लॉक एवं बेसिक स्तर पर कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर चौथार, पब्लिक स्कूल ग्रुप में केपी मेमोरियल सर्रोई, जूनियर तहसील स्तर पर भारती इंटर कॉलेज परसीपुर, तहसील सीनियर वर्ग में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज औराई, नगर जूनियर वर्ग में सर्वोदय बालिका इंटर कॉलेज खेड़ा परसपुर तथा नगर सीनियर वर्ग में जिला पंचायत ज्ञानपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इसी तरह स्काउट वर्ग में कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर चौथार, पब्लिक स्कूल ग्रुप में कैब्रिज स्कूल गोपीगंज, तहसील जूनियर वर्ग में भारतीय इंटर कॉलेज परसीपुर और श्रीगणेश प्रसाद इंटर कॉलेज बरवां, नगर जूनियर वर्ग में वीएनजीआईसी ज्ञानपुर तथा सीनियर वर्ग में इन्द्र बहादुर नेशनल इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान हासिल किया।

समारोह में भाजपा नेता कुंवर प्रमोद चंद मौर्या, कृपा शंकर पांडेय, अशोक कुमार, कमलेश पाण्डेय, रजनीश पांडेय, फूल चंद यादव और बाबू लाल गुप्त सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रधानाचार्य सुशील कुमार मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अजय पांडेय ने किया।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles