फर्जी बताई किसान विकास पत्र की पासबुक, डाकघर को लौटाने होंगे 22 हजार रुपये
ज्ञानपुर। किसान विकास पत्र (केवीपी) की परिपक्वता राशि का भुगतान नहीं करना और पासबुक को फर्जी बताकर उपभोक्ता को वापस भेजना डाक विभाग को भारी पड़ गया। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने मामले में डाक विभाग को सेवा में कमी का दोषी मानते हुए उपभोक्ता सुनीता देवी को 22 हजार रुपये आठ फीसदी वार्षिक ब्याज सहित लौटाने का आदेश दिया है। इसके अलावा पांच हजार रुपये वाद-व्यय के रूप में देने को भी कहा है। आयोग ने पूरी धनराशि का भुगतान तीन महीने के भीतर करने का निर्देश दिया है।
औराई तहसील के नारायनपुर, सारीपुर निवासी सुनीता देवी ने 31 अक्तूबर 2018 को खमरिया द्वितीय डाकघर में बचत खाता खुलवाया था। इसमें उन्होंने 22,818 रुपये जमा किए थे। डाकघर के कर्मचारी हरीश चंद्र यादव ने उन्हें अधिक ब्याज मिलने वाली किसान विकास पत्र योजना में निवेश करने की सलाह दी। इसके बाद सुनीता देवी ने बचत खाते से 22 हजार रुपये निकालकर उप डाकपाल को दिए और किसान विकास पत्र की नई पासबुक प्राप्त की।
चार नवंबर 2024 को परिपक्वता तिथि पूरी होने पर जब सुनीता देवी भुगतान लेने डाकघर पहुंचीं तो कर्मचारियों ने पासबुक को फर्जी बताते हुए रकम देने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने 19 फरवरी 2025 को जिला उपभोक्ता आयोग में परिवाद दाखिल कर न्याय की गुहार लगाई।
मामले की सुनवाई और जांच के दौरान आयोग ने पाया कि बचत खाते और किसान विकास पत्र की दोनों पासबुक पर उप डाकपाल खमरिया के हस्ताक्षर समान थे। वहीं, डाक विभाग यह साबित नहीं कर सका कि किसान विकास पत्र का खाता फर्जी था।
उपभोक्ता आयोग के रीडर स्वतंत्र रावत के अनुसार, आयोग के चेयरमैन संजय कुमार डे और सदस्य दीप्ति श्रीवास्तव की पीठ ने टिप्पणी की कि यदि पासबुक फर्जी थी तो उप डाकपाल को उसे जब्त कर प्राथमिकी दर्ज करानी चाहिए थी। इसके अलावा वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से भी मामले में उचित जांच और कार्रवाई नहीं की गई।
आयोग ने खमरिया द्वितीय डाकघर और वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय के रीजनल ऑफिसर (पोस्ट मास्टर जनरल) को सेवा में कमी का जिम्मेदार ठहराते हुए 31 अक्तूबर 2018 से निर्णय की तिथि तक 22 हजार रुपये पर आठ फीसदी वार्षिक ब्याज देने तथा पांच हजार रुपये वाद-व्यय का भुगतान तीन महीने के भीतर करने का आदेश दिया है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।







