भदोही: बोर्ड परीक्षा में अब नहीं बढ़ेंगे केंद्र, दूर सेंटर वाले पुराने विद्यालयों को ही मिलेगी राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: अब नए परीक्षा केंद्र नहीं बढ़ेंगे, दूर केंद्र वाले विद्यालयों को ही मिल सकेगी राहत

ज्ञानपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के केंद्र निर्धारण को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत अब जिले में नए परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जाएंगे और न ही केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। केवल उन्हीं विद्यालयों के परीक्षा केंद्र बदले जा सकेंगे, जिनके छात्र-छात्राओं को अधिक दूरी पर परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है। इसके लिए भी शर्त रखी गई है कि संबंधित विद्यालय पहले परीक्षा केंद्र रह चुका हो। नई गाइडलाइन से नए परीक्षा केंद्र बनाने की मांग कर रहे विद्यालय संचालकों को झटका लग सकता है।

जिले में माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत संचालित 38 राजकीय, 25 अशासकीय सहायता प्राप्त समेत कुल 196 मान्यता प्राप्त विद्यालयों के आधारभूत संसाधनों की जांच कराकर परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया गया था। संसाधनों के आधार पर परिषद ने 81 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने की मंजूरी देते हुए अनंतिम सूची जारी की थी। इसके बाद आपत्तियां मांगी गईं, जिनमें कुल 112 आपत्तियां दर्ज कराई गईं। इनके निस्तारण के बाद जिला स्तरीय समिति ने 90 परीक्षा केंद्रों की सूची अंतिम रूप से तैयार कर परिषद को भेज दी थी।

इसके बाद परिषद की ओर से दूसरी बार भी आपत्तियां मांगी गईं, जिनमें 22 आपत्तियां प्राप्त हुईं। इसी बीच तीन दिन पहले जारी नई गाइडलाइन में स्पष्ट कर दिया गया कि अब परीक्षा केंद्रों की संख्या नहीं बढ़ाई जाएगी। केवल पूर्व में परीक्षा केंद्र रह चुके उन्हीं विद्यालयों के केंद्रों में बदलाव किया जा सकेगा, जहां के विद्यार्थियों को अधिक दूरी पर परीक्षा केंद्र आवंटित हुआ है। इससे नए केंद्र के लिए आवेदन करने वाले विद्यालय संचालकों की उम्मीदों को झटका लगा है।

जिले में इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में कुल 53,323 विद्यार्थी शामिल होंगे। विद्यार्थियों की सुविधा और परीक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि अनंतिम सूची जारी होने के बाद प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण कर जिला स्तरीय केंद्र निर्धारण समिति ने 90 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने की सूची तैयार कर परिषद को भेज दी थी। इसके बाद भी आपत्तियां मांगी गई थीं। हालांकि, केंद्रों की संख्या बढ़ाने को लेकर परिषद की नई गाइडलाइन जारी हो चुकी है। परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची 27 नवंबर को जारी की जाएगी।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles