लखनऊ की एसआरएम टीम ने सात स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं की परखी हकीकत
सुरियावां। शासन के निर्देश पर लखनऊ से आई स्टेट रिव्यू मिशन (एसआरएम) की टीम ने रविवार को भदोही जिले के सात स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
प्रयागराज मंडल से आई एसआरएम टीम के डॉ. आरबी यादव और डॉ. रत्नेश कुमार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महजूदा, करियाव, हरिहरपुर और आयुष्मान आरोग्य मंदिर लालीपुर, बहराइची व अभिया का निरीक्षण किया। वहीं दूसरी टीम ने कुढ़वा उपकेंद्र पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं को परखा।
सुरियावां अधीक्षक डॉ. आनंद स्वरूप के साथ टीम ने महजूदा स्वास्थ्य केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में बने गार्डन और साफ-सफाई की व्यवस्था देखकर टीम ने संतोष जताया। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई।
वहीं दूसरी टीम के डॉ. आजाद अहमद और डॉ. आरपी सिंह ने कुढ़वा उपकेंद्र का निरीक्षण किया। टीम ने स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, कमियों और संचालित योजनाओं की जानकारी जुटाई। निरीक्षण के बाद सभी बिंदुओं की रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर जिले की रैंकिंग निर्धारित की जाएगी।
इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. अंबरीश सिंह, डॉ. सुमित शुक्ला, डॉ. मनोज चौहान, अनूप सिंह सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


