भदोही: ट्रक से बालू उतारते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आया खलासी, मौत
कौलापुर (भदोही)। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के धनापुर गांव में शुक्रवार को ट्रक से बालू उतारते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 26 वर्षीय खलासी की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। गंभीर रूप से झुलसे खलासी को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान बिहार के गया जिले के बाराछट्टी थाना क्षेत्र के कंगाली गांव निवासी दिलीप कुमार यादव (26) के रूप में हुई। बताया जाता है कि शुक्रवार को वह ट्रक के साथ धनापुर गांव पहुंचा था। खेत में बालू उतारने के दौरान वह ट्रक के ऊपर चढ़ा हुआ था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के चाचा एवं ट्रक चालक कामदेव यादव ने बताया कि दिलीप शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
गोपीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

