भदोही: युवाओं और महिला मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने पर जोर, डीएम ने बूथों का किया निरीक्षण
ज्ञानपुर। जिले में निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और संशोधन का कार्य तेजी से चल रहा है। रविवार को विशेष अभियान की प्रगति का जायजा लेने जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने कंपोजिट विद्यालय पिपरीस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ संख्या 237, 238 और 239 पर चल रहे मतदाता पंजीकरण कार्यों की जानकारी ली। बीएलओ ने बताया कि अब तक कुल 54 फार्म भरे जा चुके हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने विद्यालय में उपस्थित बच्चों को गुलाब के फूल और ट्रॉफी देकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नए मतदाताओं से संवाद कर उन्हें जागरूक नागरिक बनने और मतदाता सूची में अपना नाम अनिवार्य रूप से दर्ज कराने की अपील की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से युवा एवं महिला मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र युवा या महिला मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि विशेष अभियान की निर्धारित तिथियों के साथ ही 28 और 29 नवंबर को अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें।
उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों की आयु एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन, निवास स्थानांतरण, ईपिक (मतदाता पहचान पत्र) प्रतिस्थापन तथा दिव्यांगजन के रूप में चिह्नांकन के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है।
वहीं, मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने के लिए फार्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


